रुद्रप्रयाग, 30 मई। जनपद रुद्रप्रयाग के पाली लिंक रोड पर शनिवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। एक ऑल्टो के-10 कार अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी, जिससे वाहन में सवार तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पांच अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलते ही राज्य आपदा प्रतिवादन बल (एसडीआरएफ) की टीम ने तत्काल मौके पर पहुंचकर राहत एवं बचाव अभियान चलाया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, डीसीआर रुद्रप्रयाग द्वारा एसडीआरएफ पोस्ट अगस्त्यमुनि को सूचना दी गई कि पाली लिंक रोड पर एक वाहन दुर्घटनाग्रस्त होकर गहरी खाई में गिर गया है। सूचना मिलते ही उपनिरीक्षक धर्मेंद्र पवार के नेतृत्व में एसडीआरएफ की टीम आवश्यक रेस्क्यू उपकरणों के साथ घटनास्थल के लिए रवाना हुई।
मौके पर पहुंचने पर पता चला कि दुर्घटनाग्रस्त वाहन ऑल्टो के-10 कार थी, जिसमें कुल आठ लोग सवार थे। वाहन के गहरी खाई में गिर जाने से स्थिति बेहद चुनौतीपूर्ण थी। एसडीआरएफ जवानों ने कठिन परिस्थितियों के बीच साहस और तत्परता का परिचय देते हुए राहत एवं बचाव अभियान चलाया तथा पांच घायलों को सुरक्षित खाई से बाहर निकालकर प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल भिजवाया।
हादसे में महेंद्र सिंह (68 वर्ष), अंजन सिंह (42 वर्ष) तथा संगीता देवी (32 वर्ष) की मौके पर ही मृत्यु हो गई। एसडीआरएफ टीम ने मृतकों के शवों को भी खाई से बाहर निकालकर आवश्यक कार्रवाई के लिए जिला पुलिस को सौंप दिया।
घायलों में रेशमा देवी (पत्नी अंजन सिंह), दक्षित (5 वर्ष), सानवी (3 वर्ष), वैभव (10 वर्ष) तथा विहान (8 वर्ष) शामिल हैं। सभी घायलों का जिला अस्पताल में उपचार चल रहा है।
बताया जा रहा है कि मृतक और घायल सभी लोग उथिंड गांव के निवासी हैं। हादसे के बाद क्षेत्र में शोक की लहर है। पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है।
एसडीआरएफ के त्वरित एवं कुशल रेस्क्यू अभियान की स्थानीय लोगों ने सराहना की है। समय रहते चलाए गए बचाव अभियान से पांच लोगों की जान बचाई जा सकी।
दर्दनाक हादसा: खाई में गिरी कार, तीन की मौत, पांच घायल













Leave a Reply