Advertisement

दर्दनाक हादसा: इनोवा वाहन नदी में गिरा, दो शव बरामद, एक गंभीर रूप से घायल व्यक्ति निकाला सुरक्षित , अन्य की तलाश जारी


देवप्रयाग 2 जून।  टिहरी जनपद के देवप्रयाग क्षेत्र में मंगलवार को प्रातः एक दर्दनाक सड़क दुर्घटना में इनोवा वाहन अनियंत्रित होकर गहरी खाई से नदी में जा गिरा। हादसे की सूचना मिलते ही राज्य आपदा प्रतिवादन बल (SDRF) ने त्वरित कार्रवाई करते हुए व्यापक रेस्क्यू अभियान शुरू कर दिया। दुर्घटना में अब तक दो लोगों के शव बरामद किए जा चुके हैं, जबकि एक गंभीर रूप से घायल व्यक्ति को सुरक्षित निकालकर अस्पताल भेजा गया है। अन्य संभावित लापता व्यक्तियों की तलाश जारी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार सुबह थाना देवप्रयाग से सूचना मिली कि क्षेत्र में एक इनोवा वाहन दुर्घटनाग्रस्त होकर नदी में समा गया है। सूचना मिलते ही SDRF पोस्ट ब्यासी से उप निरीक्षक सावर सिंह के नेतृत्व में एक टीम आवश्यक रेस्क्यू उपकरणों के साथ घटनास्थल के लिए रवाना हुई।
घटना की गंभीरता को देखते हुए SDRF के सेनानायक श्री अर्पण यदुवंशी के निर्देश पर श्रीनगर और ढालवाला स्थित फ्लड रेस्क्यू टीमों को भी तत्काल मौके पर भेजा गया। वर्तमान में SDRF की ब्यासी, श्रीनगर एवं ढालवाला इकाइयों की टीमें स्थानीय पुलिस के साथ मिलकर संयुक्त रूप से सर्च एवं रेस्क्यू अभियान चला रही हैं।
प्राथमिक जांच में वाहन सवार लोगों के राजस्थान निवासी होने की जानकारी सामने आई है। दुर्घटना के बाद राहत एवं बचाव कार्य के दौरान SDRF और पुलिस टीम ने एक गंभीर रूप से घायल व्यक्ति को नदी किनारे से सुरक्षित निकालकर उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया।
रेस्क्यू अभियान के दौरान नदी और आसपास के क्षेत्र में सघन तलाशी ली गई, जिसमें दो व्यक्तियों के शव बरामद हुए हैं। शवों को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई की जा रही है। वहीं वाहन में सवार अन्य लोगों की संभावित मौजूदगी को देखते हुए नदी तट, जलधारा और आसपास के क्षेत्रों में व्यापक खोजबीन जारी है।
अधिकारियों के अनुसार वाहन में कुल कितने लोग सवार थे, इसकी पुष्टि अभी नहीं हो पाई है। SDRF एवं स्थानीय प्रशासन द्वारा घटना से संबंधित सभी तथ्यों का संकलन किया जा रहा है। बचाव दल लगातार चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में अभियान संचालित कर रहा है।
स्थानीय प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि दुर्घटना स्थल के आसपास अनावश्यक भीड़ न लगाएं तथा राहत एवं बचाव कार्य में सहयोग करें। घटना के संबंध में विस्तृत जानकारी रेस्क्यू अभियान पूर्ण होने के बाद जारी की जाएगी।

देवप्रयाग में नदी में गिरे इनोवा वाहन की तलाश में SDRF एवं पुलिस द्वारा संयुक्त रूप से सर्च एवं रेस्क्यू अभियान चलाया जा रहा है। 


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *