Advertisement

साईं घाट पर गंगा में डूबा दिल्ली का युवक, एसडीआरएफ का सर्च अभियान जारी स्नान के दौरान हादसा, तेज बहाव में बहा 20 वर्षीय शौर्य नागर; कई अन्य लापता लोगों की तलाश भी जारी


ऋषिकेश/मुनिकीरेती, 16 जून। मुनिकीरेती थाना क्षेत्र के तपोवन स्थित साईं घाट पर गंगा स्नान के दौरान दिल्ली निवासी एक युवक के डूबने की सूचना के बाद राज्य आपदा प्रतिवादन बल (एसडीआरएफ) द्वारा व्यापक सर्च अभियान चलाया जा रहा है। घटना के बाद से युवक का कोई सुराग नहीं मिल पाया है और एसडीआरएफ की टीम लगातार खोजबीन में जुटी हुई है।
जानकारी के अनुसार मंगलवार प्रातः थाना मुनिकीरेती के अंतर्गत साईं घाट पर एक युवक के गंगा नदी में डूबने की सूचना प्राप्त हुई। सूचना मिलते ही एसडीआरएफ पोस्ट ढालवाला की टीम आवश्यक रेस्क्यू एवं सर्च उपकरणों के साथ तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना हुई। मौके पर पहुंचकर टीम ने स्थानीय पुलिस, प्रत्यक्षदर्शियों तथा परिजनों से घटना की जानकारी जुटाई और संभावित डूब क्षेत्र में सर्च अभियान शुरू कर दिया।
बताया गया है कि दिल्ली और एनसीआर क्षेत्र से सात युवकों का एक समूह ऋषिकेश भ्रमण पर आया हुआ था। मंगलवार सुबह करीब आठ बजे सभी युवक तपोवन स्थित साईं घाट पर गंगा स्नान करने पहुंचे। इसी दौरान शौर्य नागर (20 वर्ष), पुत्र किशनपाल, निवासी बिसरख जलालपुर, गौतमबुद्ध नगर (उत्तर प्रदेश) ने गंगा नदी में तैरने का प्रयास किया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार युवक कुछ ही देर में नदी के तेज बहाव और गहराई की चपेट में आ गया तथा बहते हुए देखते ही देखते डूब गया।
घटना से घबराए साथियों ने तत्काल पुलिस कंट्रोल रूम को सूचना दी। सूचना मिलने के बाद स्थानीय पुलिस और एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची और युवक की तलाश शुरू की गई। नदी के तेज बहाव, गहराई तथा चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों को देखते हुए एसडीआरएफ द्वारा सुनियोजित तरीके से अभियान संचालित किया जा रहा है। टीम नदी के किनारों, संभावित बहाव क्षेत्र और अन्य संवेदनशील स्थानों पर लगातार खोजबीन कर रही है।
एसडीआरएफ अधिकारियों ने बताया कि वर्तमान में टीम केवल शौर्य नागर की ही नहीं, बल्कि पूर्व में गंगा में डूबे अन्य लोगों की तलाश भी कर रही है। इनमें यूसुफ बीच क्षेत्र में डूबे राहुल चौहान निवासी दिल्ली, फूलचट्टी क्षेत्र में डूबे शैलेंद्र निवासी ग्वालियर (मध्य प्रदेश) तथा चंद्रेश्वरनगर क्षेत्र में स्नान के दौरान लापता हुए एक दम्पति की खोज शामिल है। मंगलवार को इन सभी मामलों में भी सर्च अभियान जारी रहा, लेकिन देर शाम तक किसी भी लापता व्यक्ति का पता नहीं चल सका।
एसडीआरएफ ने आमजन, श्रद्धालुओं और पर्यटकों से गंगा नदी में अत्यधिक सावधानी बरतने की अपील की है। विभाग ने कहा है कि बिना पर्याप्त जानकारी और सुरक्षा व्यवस्था के नदी में प्रवेश न करें तथा तैरने का प्रयास बिल्कुल न करें। गंगा का बहाव कई स्थानों पर अत्यंत तीव्र और अप्रत्याशित होता है, जिससे दुर्घटना की आशंका बनी रहती है।
एसडीआरएफ ने लोगों से नदी किनारे लगाए गए चेतावनी बोर्डों एवं प्रशासन द्वारा जारी सुरक्षा निर्देशों का पालन करने तथा केवल चिन्हित और सुरक्षित घाटों पर ही स्नान करने की अपील की है। विभाग ने कहा कि छोटी सी लापरवाही भी जानलेवा साबित हो सकती है। फिलहाल युवक की तलाश के लिए सर्च अभियान लगातार जारी है।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *