Advertisement

मां को गोली मारने वाला बेटा गिरफ्तार, ऋषिकेश में घरेलू विवाद के बाद वारदात


ऋषिकेश, 5 जुलाई। पशुलोक विस्थापित क्षेत्र में घरेलू विवाद के दौरान एक युवक ने अपनी मां को गोली मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गईं। पुलिस ने आरोपी पुत्र को हिरासत में लेकर उसके खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
पुलिस के अनुसार रविवार को कोतवाली ऋषिकेश को सूचना मिली कि गली नंबर-3, ए ब्लॉक, मंदिर के पास एक व्यक्ति ने अपनी मां को गोली मार दी है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।
प्रारंभिक जांच में पता चला कि सुमित गौड़ (32 वर्ष) का अपनी मां उषा देवी गौड़ (63 वर्ष) से किसी बात को लेकर विवाद हो गया। विवाद के दौरान सुमित ने 12 बोर के तमंचे से फायर कर दिया। गोली लगने से उषा देवी के माथे पर गंभीर चोट आई।
घटना के बाद आरोपी स्वयं घायल मां को उपचार के लिए एम्स ऋषिकेश लेकर पहुंचा, जहां उनका इलाज चल रहा है। पुलिस ने आरोपी सुमित गौड़ को अभिरक्षा में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
इस मामले में पीड़िता के बड़े पुत्र अमित गौड़, निवासी माजरी ग्रांट, थाना डोईवाला, की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है तथा आवश्यक विधिक कार्रवाई अमल में लाई जा रही है।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *