Advertisement

प्रेस क्लब की चुनौती पर भारी पड़े पार्षद, मैत्री क्रिकेट मुकाबले में प्रेस क्लब 18 रन से पराजित


ऋषिकेश, 12 जुलाई ।श्रीदेव सुमन उत्तराखंड विश्वविद्यालय के ऋषिकेश परिसर स्थित खेल मैदान में रविवार को आयोजित मैत्री क्रिकेट मुकाबले में पार्षद एकादश ने शानदार प्रदर्शन करते हुए ऋषिकेश प्रेस क्लब एकादश को 18 रन से पराजित कर जीत अपने नाम की। मुकाबले में दोनों टीमों के खिलाड़ियों ने बेहतरीन खेल का प्रदर्शन कर दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया।

टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी पार्षद एकादश की शुरुआत अपेक्षाकृत धीमी रही। प्रेस क्लब के गेंदबाजों ने शुरुआती ओवरों में कसी हुई गेंदबाजी कर बल्लेबाजों को खुलकर खेलने का अवसर नहीं दिया। हालांकि मध्य ओवरों में अभिनव मलिक और चेतन चौहान ने आक्रामक बल्लेबाजी करते हुए तेजी से रन बटोरे। दोनों बल्लेबाजों की दमदार पारियों की बदौलत पार्षद एकादश ने निर्धारित 14 ओवर में 182 रन का चुनौतीपूर्ण स्कोर खड़ा किया।

183 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी प्रेस क्लब एकादश की शुरुआत पंकज कौशल और अमित ने संभली हुई की। दोनों बल्लेबाजों ने टीम को मजबूत आधार देने का प्रयास किया, लेकिन रन गति बढ़ाने के प्रयास में पंकज अपना विकेट गंवा बैठे। इसके बाद अमित और दीपक पुरोहित ने पारी को आगे बढ़ाया, मगर बड़े शॉट लगाने के प्रयास में दीपक लॉन्ग ऑन पर कैच आउट हो गए। कप्तान विनय पांडे ने भी कुछ आकर्षक शॉट लगाए, लेकिन बढ़ते रनरेट के दबाव में अन्य बल्लेबाज लगातार विकेट खोते रहे।

अंततः प्रेस क्लब एकादश निर्धारित ओवरों में लक्ष्य तक नहीं पहुंच सकी और पार्षद एकादश ने 18 रन से मुकाबला जीतकर ट्रॉफी पर कब्जा जमा लिया। मैच के दौरान खिलाड़ियों के बीच खेल भावना और आपसी सौहार्द का उत्कृष्ट उदाहरण देखने को मिला।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *