Advertisement

गंगा का जलस्तर बढ़ने पर अलर्ट: भारी बारिश की चेतावनी के बीच ऋषिकेश, मुनि की रेती और लक्ष्मण झूला क्षेत्र में घाट खाली करने की अपील


ऋषिकेश, 20 जुलाई। क्षेत्र में भारी वर्षा की चेतावनी और गंगा नदी के लगातार बढ़ते जलस्तर को देखते हुए एसडीआरएफ , जल पुलिस एवं आपदा राहत दल ने संयुक्त रूप से व्यापक जन-जागरूकता अभियान चलाया। इस दौरान श्रद्धालुओं, स्थानीय नागरिकों और पर्यटकों से सुरक्षा के मद्देनजर घाटों को खाली कर सुरक्षित स्थानों पर जाने की अपील की गई।

रविवार को एसडीआरएफ, जल पुलिस एवं आपदा राहत दल की टीमों ने ऋषिकेश, मुनि की रेती और लक्ष्मण झूला क्षेत्र के प्रमुख घाटों पर पहुंचकर लाउड स्पीकर के माध्यम से लोगों को सतर्क किया। अधिकारियों ने बताया कि लगातार हो रही बारिश के कारण गंगा नदी का जलस्तर तेजी से बढ़ रहा है और नदी का बहाव अत्यंत तेज एवं खतरनाक हो गया है।
जागरूकता अभियान के दौरान घाटों पर मौजूद श्रद्धालुओं और पर्यटकों को नदी के किनारे अनावश्यक रूप से न जाने, सेल्फी लेने या जलधारा के समीप खड़े होने से बचने की सलाह दी गई। साथ ही प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने और किसी भी आपात स्थिति में तत्काल कंट्रोल रूम या राहत एजेंसियों को सूचना देने का अनुरोध किया गया।
एसडीआरएफ अधिकारियों ने बताया कि गंगा तटवर्ती क्षेत्रों में लगातार निगरानी रखी जा रही है तथा राहत दल किसी भी संभावित आपदा से निपटने के लिए पूरी तरह तैयार हैं। टीमों द्वारा संवेदनशील घाटों और नदी किनारे के क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरती जा रही है।
प्रशासन ने सभी श्रद्धालुओं, स्थानीय निवासियों और पर्यटकों से अपील की है कि वे अपनी तथा अपने परिवार की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दें, अफवाहों पर ध्यान न दें और केवल प्रशासन एवं आपदा प्रबंधन विभाग द्वारा जारी आधिकारिक सूचनाओं पर ही भरोसा करें।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *