ऋषिकेश, 23 जुलाई। लक्ष्मणझूला क्षेत्र में गंगा नदी में स्नान के दौरान एक युवक तेज बहाव की चपेट में आकर लापता हो गया। सूचना मिलते ही एसडीआरएफ, लक्ष्मणझूला पुलिस और जल पुलिस की संयुक्त टीम ने मौके पर पहुंचकर सघन खोज अभियान शुरू कर दिया, जो समाचार लिखे जाने तक जारी था।
जानकारी के अनुसार गुरुवार सुबह करीब 10 बजे थाना लक्ष्मणझूला से सूचना मिली कि बजरंग सेतु के समीप घाट पर स्नान करते समय एक युवक
गंगा नदी के तेज बहाव में बह गया है। सूचना पर एसडीआरएफ पोस्ट ढालवाला की टीम डीप डाइविंग उपकरणों के साथ तत्काल घटनास्थल पर पहुंची।
गंगा नदी के तेज बहाव में बह गया है। सूचना पर एसडीआरएफ पोस्ट ढालवाला की टीम डीप डाइविंग उपकरणों के साथ तत्काल घटनास्थल पर पहुंची।
प्रारंभिक जानकारी में सामने आया कि युवक अपने तीन साथियों के साथ लक्ष्मणझूला घूमने आया था। चारों युवक गंगा में स्नान कर रहे थे, तभी एक युवक का संतुलन बिगड़ गया और वह तेज बहाव की चपेट में आकर नदी में बह गया।
एसडीआरएफ की टीम ने डीप डाइविंग उपकरणों की सहायता से घटनास्थल पर नदी की गहराइयों में व्यापक सर्च अभियान चलाया। इसके अलावा बजरंग सेतु से लेकर पशुलोक बैराज तक नदी के संभावित क्षेत्रों में भी लगातार खोजबीन की जा रही है, लेकिन देर शाम तक युवक का कोई सुराग नहीं मिल सका।
लापता युवक की पहचान शिवांशु राज (22 वर्ष) पुत्र अनूप पांडे के रूप में हुई है। वह मूल रूप से पश्चिम चंपारण (बेतिया), बिहार का निवासी था और वर्तमान में नेहरू प्लेस, नई दिल्ली में रहकर एक निजी कंपनी में कार्यरत था। घटना की सूचना उसके परिजनों को दे दी गई है।
एसडीआरएफ ने श्रद्धालुओं और पर्यटकों से अपील की है कि वर्षा ऋतु में गंगा नदी का जलस्तर और बहाव अत्यधिक बढ़ जाता है। ऐसे में प्रतिबंधित एवं असुरक्षित स्थानों पर स्नान न करें तथा केवल प्रशासन द्वारा चिन्हित सुरक्षित घाटों का ही उपयोग करें। सतर्कता ही सुरक्षा का सबसे प्रभावी उपाय है।
Post Views: 15













Leave a Reply