ऋषिकेश 25 अगस्त। देश में चीनी, पेट्रोल समेत रोजमर्रा की आवश्यक वस्तुओं की बढ़ती कीमतों के विरोध में महानगर कांग्रेस कमेटी ऋषिकेश के कार्यकर्ताओं ने मंगलवार को भाजपा सरकार का पुतला दहन कर जोरदार प्रदर्शन किया। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए महंगाई पर तत्काल अंकुश लगाने की मांग की।
इस मौके पर महानगर कांग्रेस अध्यक्ष ललित मोहन मिश्र और महिला कांग्रेस अध्यक्ष पुष्पा मिश्रा ने कहा कि भाजपा सरकार की नीतियों का खामियाजा आम जनता को भुगतना पड़ रहा है। पेट्रोल के दाम बढ़ने से परिवहन के साथ ही आवश्यक वस्तुओं की कीमतों पर भी असर पड़ रहा है, जबकि चीनी की बढ़ती कीमतों ने आम परिवारों की रसोई का बजट बिगाड़ दिया है।
कांग्रेस नेताओं ने इथेनॉल उत्पादन के लिए गन्ने के बढ़ते उपयोग को लेकर भी सरकार पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि सरकार को स्पष्ट करना चाहिए कि इथेनॉल नीति का लाभ किसे मिल रहा है और इसका असर किसानों, चीनी मिलों तथा उपभोक्ताओं पर किस रूप में पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि गन्ने के उपयोग और चीनी उत्पादन के बीच संतुलन बिगड़ने से भविष्य में चीनी की उपलब्धता और कीमतों पर दबाव बढ़ सकता है।
प्रदेश कांग्रेस महासचिव जयेंद्र रमोला एवं दीप शर्मा ने कहा कि एक ओर पेट्रोलियम पदार्थों के दाम बढ़ रहे हैं और दूसरी ओर खाद्य वस्तुएं आम आदमी की पहुंच से बाहर होती जा रही हैं। उन्होंने सरकार से किसानों को गन्ने का उचित मूल्य दिलाने तथा उपभोक्ताओं को उचित कीमत पर चीनी उपलब्ध कराने की मांग की।
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि सरकार को महंगाई के वास्तविक कारणों पर पर्दा डालने के बजाय पेट्रोलियम पदार्थों और आवश्यक खाद्य वस्तुओं की कीमतों को नियंत्रित करने के लिए ठोस कदम उठाने चाहिए। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि महंगाई पर जल्द अंकुश नहीं लगाया गया तो कांग्रेस आम जनता के हित में आंदोलन को और तेज करेगी।
प्रदर्शन में एडवोकेट राकेश सिंह, महंत विनय सारस्वत, मदन मोहन शर्मा, चंदन सिंह पवार, भगवान सिंह पवार, परमेश्वर राजभर, रुकम पोखरियाल, मदन शर्मा, संजय भारद्वाज, ऋषि सिंघल, बृजभूषण बहुगुणा, भूपेंद्र राणा, मधु मिश्रा, अंबिका देवी, उमा ओबेरॉय, मधु जोशी, जयपाल बिट्टू, रजनीकांत, शशि शरण, अशोक शर्मा, पवन कुमार शर्मा, विनोद राठौड़, प्रवीण गर्ग, कृष्णा राजभर, विवेक तिवारी, सुनील गुप्ता, वीर बहादुर राजभर, सतीश राजभर सहित महानगर कांग्रेस कमेटी के पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।













Leave a Reply