ऋषिकेश, 31 अगस्त। ऋषिकेश बदरीनाथ राजमार्ग पर मुनिकीरेती थाना क्षेत्र के मालागूंठी में सोमवार को डंपर और स्विफ्ट डिजायर कार की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई। हादसे में कार सवार दो लोगों की मौत हो गई, जबकि दो अन्य घायल हो गए। घायलों को 108 एंबुलेंस की मदद से उपचार के लिए एम्स ऋषिकेश भेजा गया है।
जानकारी के अनुसार, सोमवार को स्विफ्ट डिजायर कार संख्या UK12F5035 ऋषिकेश से श्रीनगर की ओर जा रही थी। मालागूंठी के समीप कार की डंपर संख्या UK08CA4949 से जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और उसमें सवार चारों लोग वाहन के अंदर फंस गए।
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची। टीम ने तत्काल रेस्क्यू अभियान चलाकर क्षतिग्रस्त कार में फंसे लोगों को बाहर निकाला। हादसे में दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं।
घायलों को प्राथमिक सहायता के बाद 108 एंबुलेंस से एम्स ऋषिकेश भेजा गया। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को सड़क से हटाने की कार्रवाई शुरू कर दी है। हादसे के कारण कुछ समय के लिए मार्ग पर यातायात भी प्रभावित रहा।













Leave a Reply