Advertisement

अज्ञात हमलावरों ने  व्यक्ति की गोली मार कर उतारा मौत के घाट 


देहरादून, 11 फरवरी। उत्तराखंड की राजधानी देहरादून के डालनवाला क्षेत्र में सनसनीखेज वारदात सामने आई। तिब्बती मार्केट के पास अज्ञात हमलावरों ने एक व्यक्ति को गोली मार दी, जिससे उसकी मौके पर गंभीर हालत हो गई। उपचार के लिए दून अस्पताल ले जाए जाने पर चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
कोतवाली डालनवाला को बुधवार सुबह करीब 10:30 बजे सूचना प्राप्त हुई कि तिब्बती मार्केट के समीप एक व्यक्ति को अज्ञात व्यक्ति ने गोली मार दी है। सूचना मिलते ही पुलिस बल तत्काल मौके पर पहुंचा और घायल को तत्काल दून अस्पताल भेजा गया, जहां डाक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने मृतक की पहचान अर्जुन शर्मा, निवासी इंदिरा नगर, थाना बसंत विहार, देहरादून के रूप में हुई है। वह जीएमएस रोड स्थित अमरदीप गैस एजेंसी के स्वामी थे और स्थानीय व्यापार जगत में परिचित नाम माने जाते थे।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय सिंह ने बताया कि प्रारंभिक जांच में यह प्रकाश में आया है कि स्कूटी सवार दो व्यक्तियों द्वारा इस वारदात को अंजाम दिया गया। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए अलग-अलग टीमों का गठन किया गया है। साथ ही पूरे जनपद में सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है और संदिग्धों पर नजर रखी जा रही है।

घटनास्थल का निरीक्षण

घटना की जानकारी मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण कर संबंधित अधिकारियों से विस्तृत जानकारी प्राप्त की। पुलिस द्वारा आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं तथा प्रत्यक्षदर्शियों से पूछताछ की जा रही है।

पारिवारिक विवाद की एंगल की जांच

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि मृतक का पारिवारिक व्यवसाय को लेकर विवाद चल रहा था। जानकारी के अनुसार, मृतक की माता द्वारा उच्च न्यायालय में अपने बेटे (मृतक) से जान का खतरा बताते हुए सुरक्षा भी प्राप्त की गई थी। पुलिस इस एंगल को भी गंभीरता से जांच में शामिल कर रही है।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *