Advertisement

ऋषिकेश में 5 किलो डोडा पोस्त व 2.180 किलो चरस के साथ  तस्कर गिरफ्तार


ऋषिकेश, 24 फरवरी ।  कोतवाली ऋषिकेश पुलिस द्वारा नशा के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने 05 किलो डोडा पोस्त और 02 किलो 180 ग्राम चरस (शुद्ध वजन) की तस्करी करते हुए एक अभियुक्त को वाहन सहित गिरफ्तार किया है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में जनपद में अवैध शराब, चरस, स्मैक और गांजा आदि मादक पदार्थों की तस्करी के विरुद्ध लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में 23 फरवरी 2026 को ANTF/STF एवं कोतवाली ऋषिकेश की संयुक्त टीम द्वारा क्षेत्र में सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था।
चेकिंग के दौरान दून इंस्टीट्यूट के पास रेलवे ट्रैक क्षेत्र में एक संदिग्ध वाहन को रोका गया। वाहन की पहचान IGNIS कंपनी की कार संख्या UK14AN 6188 के रूप में हुई। तलाशी लेने पर कार की डिग्गी से एक सफेद प्लास्टिक कट्टे में 05 किलो डोडा पोस्त तथा एक पारदर्शी पन्नी में काले रंग का बत्ती नुमा पदार्थ बरामद हुआ। मौके पर मौजूद ड्रग डिटेक्शन किट से परीक्षण करने पर उक्त पदार्थ चरस पाया गया, जिसका वजन 02 किलो 180 ग्राम निकला।
पुलिस ने वाहन चालक की पहचान भागवत पुत्र नारायण (31 वर्ष), निवासी ग्राम न्यूसारी, थाना धौत्री, जनपद उत्तरकाशी के रूप में की। पूछताछ में अभियुक्त ने बताया कि वह यह मादक पदार्थ सुंदर नामक व्यक्ति निवासी पिन्सवाड़, बुढाकेदार, जनपद टिहरी गढ़वाल से खरीदकर लाया था और ऋषिकेश एवं देहरादून क्षेत्र में अधिक दाम पर बेचने की फिराक में था। उसने लालच में आकर यह कार्य करने की बात स्वीकार की।
अभियुक्त के विरुद्ध कोतवाली ऋषिकेश में एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/18/20/60 के तहत मुकदमा संख्या 77/2026 पंजीकृत किया गया है। 24 फरवरी 2026 को उसे न्यायालय में पेश किया जा रहा है। पुलिस द्वारा अभियुक्त के आपराधिक इतिहास की भी जांच की जा रही है।
इस कार्रवाई में ANTF/STF देहरादून एवं कोतवाली ऋषिकेश की संयुक्त टीम शामिल रही, जिनमें निरीक्षक भवानी शंकर पंत, उपनिरीक्षक दीपक मैठाणी, उपनिरीक्षक सुमित चौधरी, अपर उपनिरीक्षक योगेन्द्र चौहान, अपर उपनिरीक्षक मनोज बेनीवाल सहित अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे।

 


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *