ऋषिकेश 26 फरवरी। नशे के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत कोतवाली ऋषिकेश पुलिस को एक सफलता मिली है। पुलिस टीम ने 7.00 ग्राम अवैध स्मैक (हेरोइन) के साथ एक अभियुक्त को गिरफ्तार किया है। आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर उसे न्यायालय में पेश किया जा रहा है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार जनपद को नशामुक्त बनाने के उद्देश्य से अवैध शराब, चरस, स्मैक और गांजा तस्करों के खिलाफ लगातार सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में 25 फरवरी 2026 को गठित पुलिस टीम द्वारा मंदिर के पास स्थित मैदान के किनारे चेकिंग के दौरान एक संदिग्ध व्यक्ति को रोका गया।
पूछताछ और तलाशी लेने पर उसके कब्जे से पन्नी में रखी एक पानी की बोतल तथा सफेद पारदर्शी पन्नी में रखा डलीनुमा पदार्थ बरामद हुआ। मौके पर मौजूद क्राइम डिटेक्शन किट से परीक्षण करने पर पदार्थ स्मैक पाया गया। तौल करने पर उसका शुद्ध वजन 7.00 ग्राम निकला।
गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान रवि कुमार (33 वर्ष), पुत्र सूरजपाल सिंह, निवासी कृष्णानगर कॉलोनी, आईडीपीएल, ऋषिकेश के रूप में हुई है। आरोपी ने पूछताछ में बताया कि वह स्मैक हरिद्वार से खरीदकर अधिक दामों में बेचता था। हालांकि जिस व्यक्ति से उसने स्मैक खरीदी, उसका नाम-पता उसे ज्ञात नहीं है।
आरोपी के विरुद्ध कोतवाली ऋषिकेश में मु0अ0सं0-79/2026, धारा 8/21 एनडीपीएस एक्ट के अंतर्गत अभियोग पंजीकृत किया गया है। पुलिस ने बताया कि अभियुक्त के आपराधिक इतिहास की जानकारी जुटाई जा रही है।
कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में उपनिरीक्षक देवेन्द्र पंवार, हेड कांस्टेबल अजय कुमार एवं कांस्टेबल प्रदीप कुमार शामिल रहे।
ऋषिकेश में 7 ग्राम स्मैक के साथ तस्कर गिरफ्तार












Leave a Reply