ऋषिकेश 12 मार्च । शहर के पुराने रेलवे स्टेशन परिसर में एक अज्ञात बुजुर्ग का शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सूचना मिलने पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और आवश्यक कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम तथा शिनाख्त के लिए एम्स ऋषिकेश की मोर्चरी में रखवा दिया है।
कोतवाली ऋषिकेश पुलिस के अनुसार गुरुवार 12 मार्च 2026 को राजकीय चिकित्सालय से सूचना प्राप्त हुई कि 108 एंबुलेंस सेवा के माध्यम से एक अज्ञात पुरुष को मृत अवस्था में पुराना रेलवे स्टेशन परिसर से अस्पताल लाया गया है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम राजकीय चिकित्सालय पहुंची और मामले की जानकारी जुटाई।
108 एंबुलेंस कर्मियों ने पुलिस को बताया कि उन्हें रेलवे पुलिस की सूचना पर मौके से शव को अस्पताल लाने के लिए कहा गया था। जब वे मौके पर पहुंचे तो वहां कोई परिजन या पहचान बताने वाला व्यक्ति मौजूद नहीं था। इसके बाद शव को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने मृतक के शव का पंचायतनामा भरकर आगे की कार्रवाई पूरी की और पोस्टमार्टम व पहचान के लिए शव को एम्स ऋषिकेश की मोर्चरी में सुरक्षित रखवा दिया है। पुलिस आसपास के क्षेत्रों में पूछताछ कर मृतक की पहचान कराने का प्रयास कर रही है।
पुलिस के अनुसार मृतक की उम्र लगभग 60 वर्ष बताई जा रही है। उसका रंग गेहुआं, कद लगभग 5 फुट 5 इंच है तथा आंख, कान और नाक सामान्य हैं। मृतक की सफेद दाढ़ी-मूंछ और सिर के बाल भी सफेद हैं।
मृतक ने स्लेटी रंग की गर्म हाफ गोल गले की टी-शर्ट, सफेद व कत्थई रंग की लाइनदार हाफ शर्ट, महेंदी रंग का अंडरवियर जिस पर नीली पट्टी में ‘PARK SIDE’ लिखा है, काले रंग का लोवर जिस पर ‘NY NEW YORK CITY’ का स्टीकर लगा है तथा पैरों में काले रंग के ‘GUIDIO’ कंपनी के जूते पहन रखे हैं।
पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि यदि किसी व्यक्ति को इस बुजुर्ग के बारे में कोई जानकारी हो या वह उसकी पहचान कर सके तो तत्काल कोतवाली ऋषिकेश पुलिस से संपर्क करें, ताकि मृतक की पहचान कर उसके परिजनों को सूचना दी जा सके।












Leave a Reply