ऋषिकेश, 13 मार्च। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को परमार्थ निकेतन में आयोजित 38वें अंतरराष्ट्रीय योग महोत्सव के अवसर पर मां गंगा की भव्य आरती में भाग लिया और प्रदेश की सुख-समृद्धि के लिए प्रार्थना की। विधानसभा के बजट सत्र के बीच सीधे ऋषिकेश पहुंचे मुख्यमंत्री ने मां गंगा से प्रदेशवासियों के कल्याण की मंगल कामना की।
9 से 15 मार्च तक आयोजित इस महोत्सव में 80 से अधिक देशों से आए योग साधकों और पर्यटकों का स्वागत करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि योग नगरी ऋषिकेश ने न केवल भारत बल्कि पूरे विश्व में अपनी विशिष्ट आध्यात्मिक पहचान बनाई है। उन्होंने कहा कि अध्यात्म, योग और मानसिक शांति की तलाश में दुनिया भर के लोगों के लिए ऋषिकेश पहली पसंद बन चुका है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार ने योग और आयुष के क्षेत्र में महत्वपूर्ण पहल करते हुए देश की पहली योग नीति-2025 लागू की है। इसके तहत योग और ध्यान केंद्रों की स्थापना के लिए 20 लाख रुपये तक की सब्सिडी और शोध एवं अनुसंधान के लिए 10 लाख रुपये तक के अनुदान का प्रावधान किया गया है। उन्होंने बताया कि प्रदेश में पांच नए योग हब स्थापित किए जा रहे हैं और आयुष व वेलनेस केंद्रों में योग सेवाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।
उन्होंने कहा कि प्राकृतिक चिकित्सा को बढ़ावा देने के लिए प्रदेश में 300 से अधिक आयुष्मान आरोग्य केंद्र स्थापित किए जा रहे हैं तथा प्रत्येक जनपद में 50 बेड के आयुष चिकित्सालय खोले जा रहे हैं। ई-संजीवनी पोर्टल के माध्यम से 70 से अधिक विशेषज्ञ आयुष चिकित्सक परामर्श दे रहे हैं। राज्य सरकार औषधीय पौधों, वेलनेस शिक्षा और शोध को बढ़ावा देने के लिए उत्तराखंड आयुष नीति के तहत ठोस कदम उठा रही है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि योग केवल व्यायाम नहीं बल्कि एक सार्वभौमिक विज्ञान है, जो मन, शरीर और आत्मा के बीच संतुलन स्थापित करता है। उन्होंने कहा कि आज के युद्धग्रस्त विश्व में योग ही मानवता के लिए शांति का एकमात्र मार्ग है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रयासों से ही विश्व योग दिवस के माध्यम से भारत की इस प्राचीन परंपरा को वैश्विक मान्यता मिली है।
इस अवसर पर भक्ति संगीत की संध्या में प्रसिद्ध गायक कैलाश खेर ने अपनी भक्तिमय प्रस्तुतियों से वातावरण को शिवमय बना दिया।
कार्यक्रम में परमार्थ निकेतन के अध्यक्ष स्वामी चिदानंद सरस्वती , साध्वी भगवती सरस्वती, जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया, एसएसपी सर्वेश पंवार, मुख्य विकास अधिकारी गिरीश गुणवंत सहित बड़ी संख्या में विदेशी पर्यटक और स्थानीय श्रद्धालु उपस्थित रहे।
परमार्थ निकेतन में गंगा आरती में शामिल हुए मुख्यमंत्री , योग ही विश्व शांति का मार्ग: पुष्कर सिंह धामी












Leave a Reply