खटीमा में मुख्यमंत्री धामी ने सुनी जनसमस्याएं, UPSC में चयनित बेटियों व पर्वतारोही अधिकारी को किया सम्मानित


खटीमा 15 मार्च। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अपने खटीमा भ्रमण के दौरान नगला तराई तथा लोहियाहेड हेलीपैड क्षेत्र में जनप्रतिनिधियों और स्थानीय लोगों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि जनसमस्याओं का समाधान सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है और सभी अधिकारी जनता से जुड़े मामलों का त्वरित एवं प्रभावी निस्तारण सुनिश्चित करें।
इस दौरान मुख्यमंत्री ने क्षेत्र के विकास कार्यों और स्थानीय मुद्दों पर भी चर्चा की तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य आम जनता को त्वरित राहत और बेहतर प्रशासनिक सेवाएं उपलब्ध कराना है।
कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष अजय मौर्य, नगर पालिका खटीमा के अध्यक्ष रमेश चंद्र जोशी, नानकमत्ता के अध्यक्ष प्रेम सिंह टूरना, दर्जा प्राप्त मंत्री अनिल कपूर डब्बू, सतीश भट्ट सहित अन्य जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। प्रशासनिक अधिकारियों में जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति सहित अन्य अधिकारी भी उपस्थित थे।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने संघ लोक सेवा आयोग की प्रतिष्ठित सिविल सेवा परीक्षा में चयनित जिले की तीन बेटियों—किच्छा निवासी शांभवी तिवारी, काशीपुर निवासी प्रिया चौहान और भीमताल निवासी सौम्या गर्ब्याल—से अपने निजी आवास नगला तराई में संवाद कर उन्हें बधाई दी। मुख्यमंत्री ने कहा कि इन बेटियों ने न केवल अपने परिवार बल्कि पूरे जिले और प्रदेश का नाम रोशन किया है। उन्होंने कहा कि इनकी सफलता प्रदेश के युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत है और यह उनकी कड़ी मेहनत, अनुशासन और समर्पण का परिणाम है।
मुख्यमंत्री ने तीनों सफल अभ्यर्थियों को पुस्तक, उपहार और शॉल भेंट कर सम्मानित किया तथा उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं। साथ ही उन्होंने उनके परिजनों से भी बातचीत कर उन्हें इस उपलब्धि के लिए बधाई दी।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने जिला पर्यटन विकास अधिकारी लता बिष्ट को भी सम्मानित किया। लता बिष्ट ने भारतीय पर्वतारोहण फाउंडेशन, नई दिल्ली द्वारा आयोजित पर्वतारोहण अभियान में माउंट चंद्रभागा-13 (6,264 मीटर) और माउंट चंद्रभागा-14 (6,074 मीटर) का टीम लीडर के रूप में सफल आरोहण कर जिले और प्रदेश का गौरव बढ़ाया है। मुख्यमंत्री ने उन्हें शॉल और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित करते हुए इस उपलब्धि के लिए बधाई दी।
इस अवसर पर जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति, मुख्य विकास अधिकारी दिवेश शाशनी, अपर पुलिस अधीक्षक डॉ. उत्तम सिंह नेगी, एसडीएम तुषार सैनी, परियोजना अधिकारी व्योमा जैन सहित अन्य अधिकारी और जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *