वीरभद्र गौशाला विवाद पर मंत्री सौरभ बहुगुणा का हस्तक्षेप, दोनों पक्षों को वार्ता के निर्देश


ऋषिकेश 19 मार्च। वीरभद्र मंदिर समिति द्वारा संचालित गौशाला पर पशुपालन विभाग द्वारा कब्जा स्थापित करने की कार्यवाही के दौरान मामला उस समय शांतिपूर्ण समाधान की दिशा में बढ़ा, जब उत्तराखंड सरकार में पशुपालन मंत्री सौरभ बहुगुणा से मौके पर संपर्क कर स्थिति से अवगत कराया गया।
घटना के दौरान उपस्थित भाजपा के जिला महामंत्री प्रतीक कालिया शर्मा ने तत्काल मंत्री बहुगुणा से फोन पर वार्ता कर पूरे प्रकरण की जानकारी दी। मंत्री ने मामले की गंभीरता को समझते हुए त्वरित हस्तक्षेप किया और दोनों पक्षों को आपसी संवाद के माध्यम से समाधान निकालने के निर्देश दिए।
मंत्री के निर्देशानुसार संबंधित पक्षों को आगामी कार्यवाही हेतु उपजिलाधिकारी के समक्ष प्रस्तुत होकर वार्ता करने को कहा गया है, ताकि विवाद का शांतिपूर्ण और न्यायसंगत समाधान सुनिश्चित किया जा सके। इस पहल से मौके पर मौजूद लोगों में राहत का माहौल देखने को मिला।
प्रतीक कालिया शर्मा ने मंत्री सौरभ बहुगुणा का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उन्होंने विषय की संवेदनशीलता को समझते हुए त्वरित संज्ञान लिया और दोनों पक्षों को उचित समय प्रदान कर सकारात्मक पहल की है।
उन्होंने उम्मीद जताई कि प्रशासनिक स्तर पर होने वाली वार्ता से जल्द ही इस विवाद का समाधान निकल आएगा।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *