चैत्र नवरात्र का भव्य शुभारंभ, वैदिक मंत्रोच्चार के बीच कलश स्थापना से भक्तिमय हुआ वातावरण


ऋषिकेश, 19 मार्च। तीर्थनगरी ऋषिकेश में चैत्र नवरात्र के पावन पर्व का शुभारंभ गुरुवार को अत्यंत श्रद्धा और उल्लास के साथ हुआ। मनीराम मार्ग स्थित श्री दुर्गा शक्ति मंदिर में मंदिर समिति के तत्वावधान में वैदिक मंत्रोच्चार के साथ विधिवत कलश स्थापना कर नौ दिवसीय उत्सव की शुरुआत की गई।

कार्यक्रम का शुभारंभ हरियाली बीजकर देवी के बीज मंत्र के सामूहिक जप से हुआ, जिससे पूरा मंदिर परिसर आध्यात्मिक ऊर्जा और भक्तिमय वातावरण से गूंज उठा। माता के जयकारों से वातावरण गगनभेदी हो गया और नगर क्षेत्र से आए सैकड़ों श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक माता की चौकी में भाग लेकर अपनी आस्था प्रकट की।

इस अवसर पर प्रसिद्ध भजन गायक एवं आचार्य पंडित ज्योति शर्मा ने पारंपरिक नवरात्र पाठ किया। इसके उपरांत उन्होंने अपनी भावपूर्ण भक्ति प्रस्तुतियों से उपस्थित श्रद्धालुओं को भाव-विभोर कर दिया। “गुफा से बाहर आजा तेरे नवराते आए…”, “अंगना पधारो मैया…”, “आयो आयो री नवरात्रि त्योहार…” जैसे भजनों पर श्रद्धालु झूम उठे और पूरे परिसर में भक्ति की लहर दौड़ गई।

कार्यक्रम में मंदिर समिति के अध्यक्ष संदीप मल्होत्रा, महामंत्री पंडित ज्योति शर्मा सहित मनोहर चड्डा, सतीश कक्कड़, प्रदीप कोहली, मीनू अरोड़ा, सुमन बहल, संतोष शर्मा, नीतू जुनेजा, अनिल मेहरा, राजेश रावल, चंद्र बजाज, मोनिका खट्टर, रूबी गाबा, मीनू मल्होत्रा, सीमा चिचड़ा, आशा खुराना, गोल्डी ब्रेजा, मनोज ढीगरा, चंद्र भाटिया, पंकज चावला और चंद्र विरमानी सहित कई गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

मंदिर समिति के पदाधिकारियों ने बताया कि नौ दिनों तक विभिन्न धार्मिक अनुष्ठान, भजन संध्या और विशेष पूजा-अर्चना का आयोजन किया जाएगा, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है। पूरे क्षेत्र में नवरात्र पर्व को लेकर उत्साह का माहौल बना हुआ है।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *