देहरादून 19 मार्च। हिन्दू नववर्ष के शुभ अवसर पर उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मुख्यमंत्री आवास में सूचना एवं लोक संपर्क विभाग द्वारा प्रकाशित पंचांग कैलेंडर का विधिवत विमोचन किया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने इसे राज्य की समृद्ध सांस्कृतिक और धार्मिक विरासत को संरक्षित कर जन-जन तक पहुंचाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल बताया।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि देवभूमि उत्तराखण्ड अपनी सनातन परंपराओं, धार्मिक आस्थाओं और सांस्कृतिक मूल्यों के कारण देश-विदेश में विशिष्ट पहचान रखता है। यहां की परंपराएं केवल आस्था का विषय नहीं, बल्कि सामाजिक जीवन, संस्कृति और जीवनशैली का अभिन्न हिस्सा हैं। ऐसे में पंचांग कैलेंडर का प्रकाशन इस गौरवशाली विरासत को नई पीढ़ी तक पहुंचाने का प्रभावी माध्यम बनेगा।
उन्होंने कहा कि यह पंचांग कैलेंडर तिथि, वार, पक्ष, मास, पर्व एवं विशेष दिवसों की सटीक जानकारी प्रदान करने के साथ ही पारंपरिक त्योहारों, व्रतों और धार्मिक आयोजनों के महत्व से भी लोगों को अवगत कराएगा। इससे आमजन अपनी संस्कृति और परंपराओं से और अधिक गहराई से जुड़ सकेंगे।
मुख्यमंत्री ने यह भी बताया कि इस पंचांग में देवभूमि उत्तराखण्ड के प्रमुख धार्मिक एवं आस्था स्थलों को विशेष रूप से शामिल किया गया है, जो राज्य की ऐतिहासिक और आध्यात्मिक विरासत के प्रतीक हैं। इस दृष्टि से यह कैलेंडर केवल जानकारी का माध्यम ही नहीं, बल्कि उत्तराखण्ड की सांस्कृतिक झलक प्रस्तुत करने वाला प्रेरणादायक दस्तावेज भी है।
मुख्यमंत्री ने सूचना एवं लोक संपर्क विभाग के इस सराहनीय प्रयास की प्रशंसा करते हुए आशा व्यक्त की कि यह पंचांग राज्य के प्रत्येक नागरिक के लिए उपयोगी सिद्ध होगा और भविष्य में इसे और अधिक समृद्ध एवं व्यापक स्वरूप में प्रस्तुत किया जाएगा।
इस अवसर पर सचिव विनय शंकर पांडेय, महानिदेशक सूचना बंशीधर तिवारी सहित अन्य अधिकारीगण भी उपस्थित रहे।
हिन्दू नववर्ष पर मुख्यमंत्री ने पंचांग कैलेंडर का किया विमोचन, सांस्कृतिक विरासत को सहेजने की पहल: पुष्कर सिंह धामी












Leave a Reply