ऋषिकेश 20 मार्च। मुनि की रेती में आयोजित अंतरराष्ट्रीय योग महोत्सव के पांचवें दिन “रन फॉर योगा” मैराथन दौड़ का भव्य आयोजन किया गया। “घर-घर योग, स्वस्थ मन-काया और विश्व शांति” के संदेश के साथ आयोजित इस दौड़ का शुभारम्भ निगम के प्रबंध निदेशक प्रतीक जैन ने योग फ्लैग के साथ ग्रीन फ्लैग ऑफ कर किया।
इस अवसर पर विभिन्न विद्यालयों के सैकड़ों छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। कार्यक्रम में निगम के महाप्रबंधक प्रशासन लक्ष्मी राज चौहान एवं डीएसओ टिहरी सहित अन्य अधिकारियों ने उपस्थित रहकर प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन किया।
मैराथन दौड़ टिहरी गढ़वाल स्थित गंगा रिजॉर्ट से प्रारंभ होकर पौड़ी गढ़वाल के स्वर्गाश्रम, टैक्सी स्टैंड, लक्ष्मण झूला पुलिस चौकी, परमार्थ निकेतन, बाघखाला, भागीरथी धाम, जानकी झूला होते हुए पुनः गंगा रिजॉर्ट पर सम्पन्न हुई। इस दौरान प्रतिभागियों में विशेष उत्साह देखने को मिला और योग के प्रति जागरूकता का संदेश जन-जन तक पहुंचाया गया।
कार्यक्रम के दौरान बड़ी संख्या में स्कूली बच्चों ने भाग लेकर योग, विश्व शांति और तनावमुक्त जीवन के महत्व को आत्मसात करने का संकल्प लिया। आयोजन को सफल बनाने में वहीद अहमद, अजय चौहान, दीपक रावत, सर्वजीत सिंह, शहजाद, मेहरवान रांगड़, अर्जुन, अमित पंवार, हेमंत, मनीष, देबू रावत, सुनील भारद्वाज सहित कई लोगों का विशेष योगदान रहा।
इस अवसर पर स्वयं प्रबंध निदेशक प्रतीक जैन, महाप्रबंधक लक्ष्मी राज चौहान एवं अन्य वरिष्ठ अधिकारियों ने भी दौड़ में शामिल होकर प्रतिभागियों का मनोबल बढ़ाया।
प्रतियोगिता के अंत में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों को पुरस्कार प्रदान किए गए, जबकि सभी प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के माध्यम से योग को जन-जन तक पहुंचाने और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संदेश प्रभावी रूप से दिया गया।












Leave a Reply