ऋषिकेश 25 मार्च। नगर निगम ऋषिकेश में पर्यावरण मित्रों, रैग पिकर्स, सुपरवाइजरों तथा आमजन के लिए विशेष स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का उद्घाटन महापौर शंभू पासवान और नगर आयुक्त गोपाल राम बेनीवाल ने दीप प्रज्वलित कर किया। इस अवसर पर क्षेत्रीय पार्षदगण और नगर निगम के अधिकारी भी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान नगर निगम परिसर में पहुंचे विशेषज्ञ डॉक्टरों का स्मृति चिन्ह के रूप में पौधा भेंट कर स्वागत और अभिनंदन किया गया। स्वास्थ्य शिविर में मेदांता हॉस्पिटल नोएडा-दिल्ली, एम्स ऋषिकेश, एसपीएस राजकीय चिकित्सालय ऋषिकेश और निर्मल आश्रम चिकित्सालय ऋषिकेश के कुल 15 विशेषज्ञ डॉक्टरों ने अपनी सेवाएं दीं। शिविर में 500 से अधिक लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण, विभिन्न प्रकार की जांच, दवा वितरण और आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श प्रदान किया गया।
मेदांता हॉस्पिटल से हड्डी रोग विशेषज्ञ, हृदय रोग विशेषज्ञ, न्यूरोलॉजिस्ट और कैंसर विशेषज्ञ मौजूद रहे। वहीं एम्स ऋषिकेश से नाक-कान-गला विशेषज्ञ, नेत्र रोग विशेषज्ञ, जनरल फिजिशियन और गायनो विशेषज्ञों ने मरीजों की जांच की। निर्मल आश्रम चिकित्सालय से श्वास रोग विशेषज्ञ और जनरल फिजिशियन सहित अन्य डॉक्टरों ने भी स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान कीं। निर्मल आश्रम अस्पताल, एम्स ऋषिकेश और एसपीएस हॉस्पिटल की ओर से मरीजों को दवाइयां वितरित की गईं।
शिविर के दौरान मेदांता हॉस्पिटल की टीम ने कर्मचारियों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करने के लिए विशेष प्रशिक्षण भी दिया। इस स्वास्थ्य शिविर का लाभ नगर निगम के कर्मचारियों, उनके परिजनों और आम जनता ने भी लिया।
कार्यक्रम में नगर निगम के 321 स्वास्थ्य कर्मचारियों को विशेष वर्दी, सेफ्टी जूते और मेडिकल किट वितरित किए गए। वहीं रैग पिकर्स को मेडिकल किट के साथ सिपेट इंस्टिट्यूट डोईवाला द्वारा आयोजित पांच दिवसीय प्रशिक्षण के बाद 35 रैग पिकर्स को प्रमाण पत्र भी प्रदान किए गए।
इस मौके पर नगर आयुक्त गोपाल राम बेनीवाल ने कहा कि नगर निगम के पर्यावरण मित्र और रैग पिकर्स शहर को स्वच्छ और साफ रखने में रीढ़ की हड्डी की तरह काम करते हैं। ऐसे कर्मचारियों के स्वास्थ्य और सम्मान का विशेष ध्यान रखा जाना आवश्यक है।
इस अवसर पर महापौर शंभू पासवान ने अपने संबोधन में कहा कि नगर निगम द्वारा पर्यावरण मित्रों और कर्मचारियों के हित में लगातार कार्य किए जा रहे हैं। इन प्रयासों से कर्मचारियों का उत्साह बढ़ रहा है और शहर में साफ-सफाई व्यवस्था भी बेहतर हो रही है। उन्होंने कहा कि भविष्य में भी कर्मचारियों के हित में इस प्रकार के निर्णय लिए जाते रहेंगे।
इस अवसर पर सहायक नगर आयुक्त चंद्रकांत भट्ट, सहायक नगर आयुक्त अमन कुमार, सफाई निरीक्षक, सफाई सुपरवाइजर, क्षेत्रीय पार्षद आशु डांग, दिनेश रावत, राजेश कोठियाल, सरोजिनी थपलियाल, देवेंद्र प्रजापति सहित कई जनप्रतिनिधि और कर्मचारी उपस्थित रहे।












Leave a Reply