देहरादून–पिथौरागढ़ हवाई सेवा शुरू, एक घंटे में तय होगा सफर : पुष्कर सिंह धामी


देहरादून 26 मार्च। मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने गुरुवार को जॉलीग्रांट एयरपोर्ट पर देहरादून–पिथौरागढ़–देहरादून विमान सेवा का शुभारंभ किया। रामनवमी के शुभ अवसर पर शुरू हुई इस 42 सीटर विमान सेवा से अब पिथौरागढ़ और देहरादून के बीच का सफर महज एक घंटे में पूरा किया जा सकेगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह सेवा न केवल आम जनता की सुविधा बढ़ाएगी बल्कि सीमांत क्षेत्र के लिए सामरिक दृष्टि से भी अत्यंत महत्वपूर्ण साबित होगी।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि एक समय था जब हवाई यात्रा करना केवल विशिष्ट और सम्पन्न वर्ग के लोगों तक सीमित माना जाता था, लेकिन आज प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में हवाई चप्पल पहनने वाला आम नागरिक भी हवाई यात्रा कर रहा है। उन्होंने कहा कि वर्ष 2016 में शुरू की गई ‘उड़ान योजना’ ने देश में नागरिक उड्डयन के क्षेत्र में नई क्रांति लाने का काम किया है। इस योजना के माध्यम से छोटे शहरों, दूरस्थ और सीमांत क्षेत्रों को हवाई नेटवर्क से जोड़ते हुए आम लोगों को सस्ती दरों पर हवाई सेवाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि केंद्र सरकार ने हाल ही में उड़ान योजना 2.0 को मंजूरी दी है। इसके तहत आगामी 10 वर्षों में लगभग 29 हजार करोड़ रुपये के बजट से देशभर में 100 नए हवाई अड्डों और 200 नए हेलीपैड विकसित किए जाएंगे। इस योजना का उद्देश्य विशेष रूप से टियर-2 और टियर-3 शहरों में क्षेत्रीय हवाई कनेक्टिविटी को मजबूत करना और दूरस्थ तथा पहाड़ी क्षेत्रों में सस्ती एवं सुगम हवाई सेवा सुनिश्चित करना है।
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि उत्तराखण्ड जैसे पर्वतीय राज्य के लिए हवाई सेवाएं केवल परिवहन का साधन नहीं बल्कि जीवन रेखा बन चुकी हैं। दुर्गम और दूरस्थ क्षेत्रों में आवश्यक सामग्री पहुंचाने से लेकर गंभीर रोगियों को त्वरित उपचार के लिए बड़े अस्पतालों तक लाने में हवाई सेवाएं बेहद उपयोगी साबित हो रही हैं।
उन्होंने बताया कि वर्तमान में उड़ान योजना के अंतर्गत राज्य में 26 हवाई मार्गों का संचालन किया जा रहा है। इसके अलावा दूरस्थ क्षेत्रों को हवाई कनेक्टिविटी से जोड़ने के उद्देश्य से वर्ष 2023 में “उत्तराखण्ड एयर कनेक्टिविटी योजना” शुरू की गई, जिसके तहत वर्तमान में 6 हवाई मार्गों पर नियमित उड़ानों का संचालन हो रहा है। पिछले चार वर्षों में राज्य में हेलिपोर्ट्स की संख्या 2 से बढ़कर 12 हो गई है, जबकि हेलीपैड की संख्या 60 से बढ़कर 118 तक पहुंच गई है। एविएशन सेक्टर को बढ़ावा देने के लिए उत्तराखण्ड को “बेस्ट स्टेट फॉर प्रमोशन ऑफ एविएशन इकोसिस्टम” का राष्ट्रीय सम्मान भी प्राप्त हुआ है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि देहरादून–पिथौरागढ़ हवाई सेवा शुरू होने से सीमांत जिले पिथौरागढ़ के लोगों को काफी सुविधा मिलेगी और वे मात्र एक घंटे में देहरादून पहुंच सकेंगे। इससे क्षेत्र की अर्थव्यवस्था को भी नई गति मिलेगी। उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार मिलकर सीमांत और दूरस्थ क्षेत्रों को विकास की मुख्यधारा से जोड़ने के लिए लगातार काम कर रही हैं। इसी दिशा में पिथौरागढ़ और मुनस्यारी के बीच हेली सेवा भी प्रारंभ की गई है।
मुख्यमंत्री ने बताया कि पिथौरागढ़ हवाई अड्डे को लगभग 450 करोड़ रुपये की लागत से विकसित करने का कार्य भी किया जा रहा है। इसके अलावा राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर प्रधानमंत्री की उपस्थिति में भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण और उत्तराखण्ड सरकार के बीच नैनी सैनी हवाई अड्डे के अधिग्रहण के लिए एमओयू भी हस्ताक्षरित किया गया है, जिससे भविष्य में इस क्षेत्र को और अधिक लाभ मिलेगा।
इस मौके पर केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री श्री किंजरापु राममोहन नायडू ने वीडियो संदेश के माध्यम से देहरादून–पिथौरागढ़ विमान सेवा शुरू होने पर शुभकामनाएं दीं। कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री श्री खजान दास, श्री भरत चौधरी, विधायक श्री बृजभूषण गैरोला, पूर्व विधायक श्रीमती चंद्रा पंत, दायित्वधारी श्री हेमराज बिष्ट, एलाइंस एयर के सीएमडी श्री अमित कुमार, उकाडा के सीईओ डॉ. आशीष चौहान तथा एसीईओ श्री संजय टोलिया सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *