Advertisement

ऋषिकेश बाईपास तीनपानी फ्लाईओवर से लेकर खारास्रोत पुल तक हुई स्वीकृत , 4-लेन बाईपास के लिए 1105.79 करोड़ रुपए की वित्तीय स्वीकृति हुई जारी


ऋषिकेश 31 मार्च। चारधाम यात्रा को सुगम बनाने व ऋषिकेश शहर पर जाम का बोझ कम करने के दृष्टिगत बहुप्रतीक्षित ऋषिकेश बाईपास का सपना अब जल्द साकार रूप लेगा। करीब 12 किलोमीटर लंबे इस बाईपास मार्ग को भारत सरकार के सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय से बड़ी स्वीकृति मिल चुकी है।

मंत्रालय के अनुसार, इस परियोजना के लिए प्रारंभिक अनुमानित बजट 1151.18 करोड़ रुपए था, जिसे संशोधित कर 1139.40 करोड़ रुपए किया गया. जबकि 1105.79 करोड़ रुपए की स्वीकृति प्रदान की गई)

बताया जा रहा है कि ऋषिकेश बाईपास का यह राष्ट्रीय राजमार्ग-7 पर तीनपानी फ्लाईओवर से लेकर खारास्रोत पुल तक विकसित किया जाएगा जो 4-लेन का होगा। यह बाईपास भट्टोवाला और ढालवाला गांवों से होकर गुजरेगा। मंत्रालय द्वारा इस महत्वपूर्ण परियोजना के लिए 1105.79 करोड़ रुपए की तकनीकी, प्रशासनिक एवं वित्तीय स्वीकृति जारी की गई है।

सीएम धामी ने खुशी जताते हुए कहा कि राज्य सरकार प्रदेश में रोड कनेक्टिविटी को सुदृढ़ बनाने के लिए निरंतर प्रयास कर रही है। इस परियोजना के पूरा होने से क्षेत्र में यातायात का दबाव कम होगा, जाम की समस्या में कमी आएगी और राज्य के आर्थिक और पर्यटन विकास को नई गति मिलेगी।

लागत और समय सीमा पर नहीं पड़ेगा असर

परियोजना को तीन साल की समयावधि में पूरा किया जाएगा और कार्य में किसी प्रकार की लागत या समय वृद्धि स्वीकार नहीं की जाएगी। निविदाएं ई-टेंडरिंग प्रक्रिया के माध्यम से आमंत्रित की जाएंगी और सभी कार्य निर्धारित दिशा-निर्देशों के अनुरूप किए जाएंगे।

 


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *