ऋषिकेश में संयुक्त पुलिस कार्रवाई: ₹18.5 लाख की डकैती का आरोपी और ₹1 लाख का इनामी फरार कैदी गिरफ्तार


ऋषिकेश 01 अप्रैल । कोतवाली ऋषिकेश क्षेत्र में बुधवार को विभिन्न राज्यों की पुलिस के साथ मिलकर स्थानीय पुलिस ने दो बड़ी कार्रवाई करते हुए ₹18.5 लाख की डकैती के वांछित आरोपी और जेल तोड़कर फरार हुए ₹1 लाख के इनामी अभियुक्त को गिरफ्तार कर लिया। दोनों आरोपियों की गिरफ्तारी अलग-अलग अभियानों में की गई, जिनमें महाराष्ट्र, उड़ीसा, टिहरी और ऋषिकेश पुलिस की संयुक्त टीमों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

पहली कार्रवाई में महाराष्ट्र राज्य के रायगढ़ जिले के थाना अलीबाग में दर्ज मु0अ0सं0 01/2026 (धारा 310(2)/310(5)/311/127(2)/137(2)/351(3)/131 बीएनएस) से संबंधित ₹18.5 लाख की डकैती के वांछित आरोपी योगेश रमेश लहारे (31 वर्ष) को त्रिवेणी घाट क्षेत्र से गिरफ्तार किया गया। वह लंबे समय से फरार चल रहा था।

महाराष्ट्र पुलिस की क्राइम ब्रांच टीम सहायक पुलिस निरीक्षक भास्कर जाधव के नेतृत्व में आरोपी की तलाश में ऋषिकेश पहुंची थी। स्थानीय पुलिस के सहयोग से त्रिवेणी घाट क्षेत्र में सघन चेकिंग के दौरान मुखबिर की सूचना पर शिव मूर्ति के पास घूम रहे संदिग्ध व्यक्ति को घेराबंदी कर पकड़ा गया। पूछताछ में उसने अपना नाम योगेश रमेश लहारे बताया, जिसकी पहचान महाराष्ट्र पुलिस ने वांछित अभियुक्त के रूप में की। उसे करीब दोपहर 3:10 बजे गिरफ्तार कर लिया गया। महाराष्ट्र पुलिस अब आरोपी को ट्रांजिट रिमांड पर लेकर संबंधित न्यायालय में पेश करेगी।

दूसरी बड़ी कार्रवाई में उड़ीसा राज्य के कटक जिले के थाना चौदवार में दर्ज मामले के ₹1 लाख के इनामी अभियुक्त राजा साहनी (34 वर्ष) को भी ऋषिकेश क्षेत्र से गिरफ्तार किया गया। राजा साहनी बिहार के बेगूसराय जिले का रहने वाला है और 02 अक्टूबर 2025 को जिला कारागार कटक से न्यायिक अभिरक्षा से जेल तोड़कर फरार हो गया था। उसकी गिरफ्तारी के लिए उड़ीसा पुलिस ने ₹1 लाख का इनाम घोषित किया था।

उड़ीसा पुलिस टीम द्वारा सूचना दी गई कि आरोपी त्रिवेणी घाट क्षेत्र में गोल्डन रंग की स्विफ्ट डिजायर कार में देखा गया है। इसके बाद ऋषिकेश पुलिस, टिहरी गढ़वाल पुलिस, एसओजी और उड़ीसा पुलिस की संयुक्त टीम ने नटराज चौक से टिहरी जाने वाले मार्ग पर सुमन पार्क के पास घेराबंदी कर PB10DN0508 नंबर की स्विफ्ट डिजायर कार को रोका। वाहन की तलाशी के दौरान पिछली सीट पर बैठे व्यक्ति की पहचान राजा साहनी के रूप में हुई और उसे लगभग दोपहर 2:10 बजे गिरफ्तार कर लिया गया।

दोनों मामलों में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून के निर्देशन, पुलिस अधीक्षक ग्रामीण के नेतृत्व और क्षेत्राधिकारी ऋषिकेश के पर्यवेक्षण में कार्रवाई की गई। गिरफ्तार अभियुक्तों के खिलाफ आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है तथा संबंधित राज्यों की पुलिस को विधिवत सुपुर्द किया जा रहा है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार संयुक्त पुलिस कार्रवाई से लंबे समय से फरार अपराधियों की गिरफ्तारी संभव हो सकी। 

 


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *