परीक्षा परिणाम की गड़बड़ी पर भड़के छात्र, ऋषिकेश पीजी कॉलेज में तालाबंदी, पुलिस से झड़प


ऋषिकेश 2 अप्रैल। ऋषिकेश पीजी कॉलेज में गुरुवार को परीक्षा परिणामों में लगातार सामने आ रही त्रुटियों के विरोध में NSUI कार्यकर्ताओं और छात्र-छात्राओं ने जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान छात्रों ने कॉलेज के प्रशासनिक भवन में तालाबंदी कर दी और प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए आक्रोश व्यक्त किया। बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं के एकत्र होने से कॉलेज परिसर में कुछ समय के लिए तनावपूर्ण माहौल बन गया।

प्रदर्शन के दौरान सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने प्रदर्शन कर रहे छात्रों को हटाने की कार्रवाई की और कई छात्रों को जबरन उठाकर परिसर से बाहर किया तथा कुछ को थाने भेज दिया गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार पुलिस और छात्रों के बीच हल्की नोकझोंक भी देखने को मिली, जिससे छात्रों में आक्रोश और बढ़ गया।

इस पूरे घटनाक्रम पर पूर्व छात्रसंघ अध्यक्ष हिमांशु जाटव और छात्रसंघ महासचिव अभिषेक कुमार त्रिसूलिया ने कड़ा बयान देते हुए कहा कि विश्वविद्यालय द्वारा परीक्षा परिणामों में लगातार हो रही त्रुटियां छात्रों के भविष्य के साथ खिलवाड़ हैं। उन्होंने कहा कि बार-बार परिणामों में गलतियां सामने आना पूरी तरह अस्वीकार्य है और इसे किसी भी हालत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

उन्होंने आरोप लगाया कि छात्र शांतिपूर्ण तरीके से अपनी मांगों को लेकर प्रदर्शन कर रहे थे, लेकिन पुलिस द्वारा बलपूर्वक छात्रों को हटाने की कार्रवाई लोकतांत्रिक अधिकारों का सीधा हनन है। यदि छात्रों की समस्याओं का जल्द समाधान नहीं किया गया तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।

वहीं छात्रसंघ उपाध्यक्ष आयुष तड़ियाल और छात्र नेता मानव रावत ने भी विश्वविद्यालय प्रशासन पर निशाना साधते हुए कहा कि कई वर्षों से परीक्षा परिणामों में गड़बड़ियों को लेकर निदेशक और परीक्षा नियंत्रक को ज्ञापन दिए जा चुके हैं, लेकिन अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। उन्होंने चेतावनी दी कि जब तक सभी त्रुटियों को ठीक नहीं किया जाता और जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई नहीं होती, तब तक आंदोलन जारी रहेगा। यदि प्रशासन ने जल्द समाधान नहीं निकाला तो पूरे कॉलेज परिसर में तालाबंदी कर दी जाएगी और आंदोलन उग्र रूप ले सकता है।

प्रदर्शन के दौरान मानसी सती, रहन बंदोलिया, आर्यन भारती, गौरव जोशी, सुहानी, सृष्टि, शिवानी, इशांत, दीपक साहनी, अतुल, सुंदर, अखिल गुलियाल, आशीष, भव्या और अक्षय कुमार सहित बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *