मुख्यमंत्री धामी ने की जनगणना 2027 की स्व-गणना, राज्य में डिजिटल जनगणना अभियान की औपचारिक शुरुआत


देहरादून 10 अप्रैल ।  मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को मुख्यमंत्री आवास में जनगणना 2027 के अंतर्गत अपनी स्व-गणना (सेल्फ एन्यूमरेशन) की प्रक्रिया पूरी करते हुए प्रदेश में इस महत्वपूर्ण राष्ट्रीय अभियान की औपचारिक शुरुआत की। इस अवसर पर जनगणना से जुड़े वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित रहे और उन्होंने मुख्यमंत्री को डिजिटल प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी दी।
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश पहली बार पूरी तरह डिजिटल जनगणना की दिशा में आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि यह कदम पारदर्शिता, सटीकता और जनभागीदारी को सुनिश्चित करेगा तथा भारत को डिजिटल युग में एक और मजबूत कदम आगे ले जाएगा।
उन्होंने बताया कि जनगणना 2027 का पहला चरण ‘हाउस लिस्टिंग और हाउसिंग जनगणना’ (एचएलओ) है, जिसके अंतर्गत घरों की स्थिति, उपलब्ध सुविधाओं और घरेलू विवरणों से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी एकत्र की जा रही है। इस बार सरकार ने ‘स्व-गणना’ की सुविधा भी उपलब्ध कराई है, जिसके माध्यम से नागरिक स्वयं ऑनलाइन पोर्टल पर अपने परिवार की जानकारी दर्ज कर सकते हैं। इससे प्रक्रिया अधिक सरल, तेज और त्रुटिरहित होने की संभावना है।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनगणना से जुड़े कार्यों को समयबद्ध, पारदर्शी और प्रभावी तरीके से संपन्न किया जाए। उन्होंने कहा कि जनगणना से प्राप्त आंकड़े राज्य और देश की विकास योजनाओं के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं, इसलिए इनकी शुद्धता और विश्वसनीयता अत्यंत आवश्यक है।
मुख्यमंत्री धामी ने प्रदेशवासियों से अपील करते हुए कहा कि जनगणना 2027 देश के विकास की आधारशिला है। उन्होंने नागरिकों से आग्रह किया कि वे आगे आकर स्व-गणना करें और इस राष्ट्रीय अभियान में अपनी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि इससे न केवल लोगों की सहभागिता बढ़ेगी, बल्कि भविष्य की योजनाओं को और अधिक प्रभावी बनाने में भी मदद मिलेगी।
मुख्यमंत्री ने यह भी भरोसा दिलाया कि जनगणना के दौरान एकत्र किए जाने वाले सभी आंकड़ों की सुरक्षा के लिए कड़े प्रावधान किए गए हैं और इनका उपयोग केवल सांख्यिकीय उद्देश्यों के लिए ही किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि डिजिटल माध्यम से की जा रही यह जनगणना उत्तराखंड में डिजिटल सशक्तिकरण और जनभागीदारी को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित होगी।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री की धर्मपत्नी गीता धामी, निदेशक (जनगणना संचालन)  ईवा श्रीवास्तव सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित रहे।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *