Advertisement

त्रिवेणी घाट क्षेत्र में अवैध खुखरी के साथ संदिग्ध युवक गिरफ्तार, चोरी की फिराक में कर रहा था घूमना


ऋषिकेश, 26 अप्रैल। ।कोतवाली ऋषिकेश पुलिस ने रविवार देर रात चेकिंग अभियान के दौरान चोरी की नीयत से घूम रहे एक संदिग्ध युवक को अवैध खुखरी के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार अभियुक्त नशे का आदी बताया जा रहा है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून के निर्देश पर जनपद में अवैध गतिविधियों के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में कोतवाली ऋषिकेश पुलिस द्वारा थाना क्षेत्र में विशेष चेकिंग अभियान संचालित किया जा रहा था।

रात्रि गश्त के दौरान पुलिस टीम ने त्रिवेणी घाट स्थित आस्था पथ क्षेत्र में एक व्यक्ति को संदिग्ध अवस्था में घूमते हुए देखा। तलाशी लेने पर उसके पास से एक अवैध खुखरी बरामद हुई। पूछताछ में वह क्षेत्र में चोरी की फिराक में घूमता पाया गया।

गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान राम जियावन (28 वर्ष) पुत्र स्वर्गीय रघुनाथ, निवासी ग्राम बस्तीपुरवा, थाना मनकापुर, जनपद गौंडा (उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई है। पुलिस ने अभियुक्त के खिलाफ कोतवाली ऋषिकेश में मु0अ0सं0 157/2026 के तहत धारा 4/25 (1-B)(b) आर्म्स एक्ट में मुकदमा दर्ज कर लिया है।

पुलिस ने बताया कि अभियुक्त को रविवार को ही माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *