देहरादून/नई दिल्ली 27 अप्रैल। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को नई दिल्ली स्थित कर्तव्य भवन में केंद्रीय पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्री हरदीप सिंह पुरी से मुलाकात कर उत्तराखण्ड की भौगोलिक परिस्थितियों और आपदा संवेदनशीलता को ध्यान में रखते हुए कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर विस्तृत चर्चा की। इस दौरान चारधाम यात्रा के सुचारू संचालन और आपदा प्रबंधन को मजबूत बनाने पर विशेष जोर दिया गया।
मुख्यमंत्री धामी ने चारधाम यात्रा के दौरान व्यावसायिक एलपीजी सिलेंडरों की आपूर्ति को पूर्ववत 100 प्रतिशत बनाए रखने का अनुरोध किया। उन्होंने बताया कि राज्य में अप्रैल से नवंबर तक चलने वाली चारधाम यात्रा के दौरान देश-विदेश से लाखों श्रद्धालु पहुंचते हैं, जिससे एलपीजी की मांग में भारी वृद्धि होती है। इस अवधि में राज्य को लगभग 9,67,949 व्यावसायिक सिलेंडरों की आवश्यकता होती है।
उन्होंने मानसून सीजन के दौरान संभावित प्राकृतिक आपदाओं का जिक्र करते हुए कहा कि जून से सितंबर के बीच उत्तराखण्ड को हर वर्ष भूस्खलन, बाढ़ और अन्य आपदाओं का सामना करना पड़ता है। दुर्गम पर्वतीय क्षेत्रों में राहत एवं बचाव कार्यों के लिए एलपीजी गैस अत्यंत आवश्यक होती है। इसको ध्यान में रखते हुए मुख्यमंत्री ने अतिरिक्त 5 प्रतिशत यानी करीब 48,397 व्यावसायिक एलपीजी सिलेंडरों का विशेष आवंटन सुनिश्चित करने का आग्रह किया।
मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि उत्तराखण्ड की अर्थव्यवस्था मुख्य रूप से पर्यटन पर आधारित है, जिसमें धार्मिक और साहसिक पर्यटन की अहम भूमिका है। चारधाम यात्रा न केवल आस्था का केंद्र है, बल्कि राज्य की सांस्कृतिक पहचान और आर्थिक गतिविधियों का प्रमुख आधार भी है।
इस पर केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने मुख्यमंत्री द्वारा उठाए गए सभी प्रस्तावों पर सकारात्मक रुख दिखाते हुए आवश्यक कार्यवाही का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार उत्तराखण्ड के विकास और आवश्यकताओं को लेकर पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
चारधाम यात्रा और आपदा प्रबंधन को लेकर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी केंद्र से एलपीजी आपूर्ति बढ़ाने का किया अनुरोध












Leave a Reply