देहरादून, 29 अप्रैल । जनपद में कानून व्यवस्था सुदृढ़ करने और आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जिला प्रशासन ने अवैध रूप से संचालित होमस्टे के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। जिलाधिकारी सविन बंसल के निर्देश पर चलाए जा रहे “ऑपरेशन सफाई” के तहत प्रथम चरण में 17 होमस्टे के पंजीकरण निरस्त कर दिए गए हैं। साथ ही इन्हें पर्यटन विभाग की वेबसाइट से विलोपित करने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है।
प्रशासन की जांच में सामने आया कि कई होमस्टे नियमों के विपरीत होटल की तरह संचालित हो रहे थे। इन स्थानों पर देर रात तक अवैध बार संचालन, तेज आवाज में डीजे और अन्य गैर-कानूनी गतिविधियां संचालित की जा रही थीं, जिससे आसपास के क्षेत्रों में कानून-व्यवस्था की स्थिति प्रभावित हो रही थी।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि आमजन की सुरक्षा से कोई समझौता नहीं किया जाएगा और कानून से ऊपर कोई नहीं है। उन्होंने कहा कि होमस्टे योजना का उद्देश्य स्थानीय संस्कृति को बढ़ावा देना और लोगों की आय में वृद्धि करना है, लेकिन इसका दुरुपयोग बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
महज सात दिनों के भीतर पांच मजिस्ट्रेट टीमों का गठन कर सहसपुर और रायपुर विकासखंड के नगरीय क्षेत्रों में व्यापक जांच अभियान चलाया गया। निरीक्षण के दौरान कई गंभीर अनियमितताएं सामने आईं। कई होमस्टे में अग्निशमन उपकरण नहीं पाए गए या उनकी वैधता समाप्त हो चुकी थी। कुछ स्थानों पर फूड लाइसेंस का अभाव मिला, तो कई जगहों पर निर्धारित क्षमता से अधिक कमरों का संचालन किया जा रहा था।
इसके अलावा कई होमस्टे में स्वामी का निवास नहीं पाया गया और उन्हें लीज या किराये पर व्यावसायिक रूप से चलाया जा रहा था। विदेशी पर्यटकों के ठहराव की अनिवार्य सूचना (सी-फॉर्म) भी कई स्थानों पर उपलब्ध नहीं कराई गई। कुछ होमस्टे का उपयोग बारात घर या अन्य व्यावसायिक गतिविधियों के लिए किया जा रहा था।
प्रशासन ने चेतावनी दी है कि भविष्य में भी इस प्रकार की जांच अभियान जारी रहेगा और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
अवैध होमस्टे पर डीएम का सख्त एक्शन: 17 के पंजीकरण निरस्त, पर्यटन वेबसाइट से हटाने की प्रक्रिया शुरू ऑपरेशन सफाई के तहत कार्रवाई तेज, नियम विरुद्ध गतिविधियों पर प्रशासन सख्त












Leave a Reply