देहरादून, 03 मई । मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रविवार को शासकीय आवास स्थित मुख्य सेवक सदन में आयोजित जनसुनवाई कार्यक्रम के दौरान प्रदेश के विभिन्न जनपदों से आए लोगों की समस्याएं गंभीरता से सुनीं। इस दौरान नागरिकों ने सड़क, पेयजल, विद्युत, स्वास्थ्य, शिक्षा, भूमि विवाद सहित अन्य जनहित से जुड़े कई मुद्दे मुख्यमंत्री के समक्ष रखे।
मुख्यमंत्री ने जनसुनवाई के दौरान मौजूद अधिकारियों को सख्त निर्देश देते हुए कहा कि प्राप्त सभी शिकायतों और मांगों पर प्राथमिकता के आधार पर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि प्रत्येक प्रकरण की नियमित मॉनिटरिंग की जाए और किसी भी स्तर पर लापरवाही या अनावश्यक देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
उन्होंने मुख्यमंत्री कार्यालय के अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनसुनवाई में प्राप्त शिकायतों को संबंधित विभागों को तुरंत प्रेषित किया जाए और उनका समयबद्ध समाधान सुनिश्चित किया जाए। साथ ही, शिकायतकर्ताओं को की गई कार्रवाई की जानकारी भी उपलब्ध कराई जाए, ताकि शासन के प्रति विश्वास और पारदर्शिता बनी रहे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार की प्राथमिकता है कि प्रदेश के हर नागरिक की समस्याओं का त्वरित और प्रभावी समाधान हो। उन्होंने जनसुनवाई कार्यक्रम को सरकार और जनता के बीच सीधा संवाद स्थापित करने का महत्वपूर्ण माध्यम बताते हुए कहा कि इससे सरकार को जमीनी स्तर की समस्याओं की वास्तविक जानकारी मिलती है और उनके समाधान के लिए ठोस निर्णय लेने में मदद मिलती है।
उन्होंने आगे कहा कि राज्य सरकार जनकल्याण, सुशासन और समग्र विकास के संकल्प के साथ कार्य कर रही है। विशेष रूप से दूरस्थ और सीमांत क्षेत्रों तक विकास योजनाओं का लाभ पहुंचाना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सरकारी योजनाओं और सेवाओं का लाभ आम जनता तक सरल और समयबद्ध तरीके से पहुंचे।
जनसुनवाई के दौरान आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों ने भी अपनी समस्याएं और मांगें मुख्यमंत्री के समक्ष रखीं। उनकी समस्याओं पर सकारात्मक आश्वासन मिलने के बाद उन्होंने मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया।













Leave a Reply