ऋषिकेश/मुनि की रेती 10 मई। थाना मुनि की रेती क्षेत्र अंतर्गत शिवपुरी के पास निर्माणाधीन हाईवे पर रविवार को चारधाम यात्रा से लौट रही यात्रियों से भरी एक बस अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गई। हादसे के समय बस में करीब 25 यात्री, एक चालक और एक परिचालक सवार थे। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय पुलिस ने तत्काल मौके पर पहुंचकर रेस्क्यू अभियान चलाया और यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला।
जानकारी के अनुसार बस संख्या UK14PA0605 बद्रीनाथ से हरिद्वार की ओर जा रही थी। बताया गया कि यात्रा के दौरान चालक की तरफ की खिड़की खुल गई थी। चालक खिड़की बंद करने का प्रयास कर रहा था, तभी बस अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गई।
हादसे में एक महिला यात्री तनु गुप्ता पुत्री ज्ञानचंद गुप्ता निवासी लखीमपुर खीरी, उत्तर प्रदेश उम्र लगभग 30 वर्ष घायल हो गईं। उन्हें तत्काल 108 एंबुलेंस सेवा के माध्यम से सरकारी अस्पताल ऋषिकेश भेजा गया। उनकी माता भी बस में उनके साथ मौजूद थीं। चिकित्सकों के अनुसार महिला की स्थिति सामान्य बताई जा रही है।
पुलिस के अनुसार बस में सवार अन्य सभी यात्रियों की स्थिति भी सामान्य है और किसी प्रकार की गंभीर जनहानि नहीं हुई है। हादसे के बाद स्थानीय पुलिस द्वारा राहत एवं बचाव कार्य कर यात्रियों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया गया।
शिवपुरी के पास हाईवे पर चारधाम यात्रियों की बस पलटी, महिला घायल













Leave a Reply