Advertisement

साईं घाट पर गंगा में डूबा बस कंडक्टर, SDRF ने गहरे पानी से शव किया बरामद


ऋषिकेश 16 मई। साईं घाट पर गंगा नदी में नहाने के दौरान एक 30 वर्षीय युवक की डूबने से मौत हो गई। सूचना मिलते ही राज्य आपदा प्रतिवादन बल (SDRF) की डीप डाइविंग टीम मौके पर पहुंची और त्वरित सर्च अभियान चलाकर युवक का शव बरामद कर लिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार शुक्रवार शाम लगभग 5:30 बजे कोतवाली ऋषिकेश से SDRF पोस्ट ढालवाला को सूचना मिली कि साईं घाट के पास गंगा नदी में एक युवक नहाते समय डूब गया है। बताया गया कि युवक हरियाणा के पलवल से यात्रियों को लेकर ऋषिकेश आया था और बस में कंडक्टर के रूप में कार्य करता था। बस चालक और कंडक्टर दोनों गंगा में स्नान करने गए थे। इसी दौरान युवक का संतुलन बिगड़ गया और वह तेज बहाव में बहकर गहरे पानी में डूब गया।
सूचना मिलते ही SDRF की डीप डाइविंग टीम तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना हुई। टीम के डीप डाइवर अनूप सिंह और ओम प्रकाश ने लगभग 15 से 20 फीट गहराई तक उतरकर सर्च अभियान शुरू किया। कड़ी मशक्कत के बाद टीम ने युवक का शव नदी से बाहर निकाल लिया। बाद में शव को स्थानीय पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया।
मृतक की पहचान सोनू वर्मा पुत्र श्री हरि चरण वर्मा, निवासी लाडो सराय, मालवीय नगर, नई दिल्ली, उम्र 30 वर्ष के रूप में हुई है।
रेस्क्यू अभियान में एएसआई विजेंद्र कुड़ियाल, अर्जुन सिंह, ओम प्रकाश, किशोर कुमार, अनूप सिंह, रविंद्र सिंह एवं प्रदीप रावत शामिल रहे।
SDRF ने आमजन से अपील करते हुए कहा है कि वर्तमान समय में गंगा नदी का जलस्तर और बहाव अत्यधिक तेज है। ऐसे में अनजान और गहरे स्थानों पर स्नान करने से बचें तथा घाटों पर लगाए गए चेतावनी बोर्डों का पालन करें। साथ ही बच्चों को अकेले नदी के पास न जाने दें।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *