Advertisement

मुख्यमंत्री ने विभिन्न विकास योजनाओं के लिए ₹105 करोड़ की वित्तीय स्वीकृति दी,  कुंभ मेला-2027 की तैयारियों, सड़क निर्माण, मंदिर सौंदर्यीकरण, शहरी विकास और सार्वजनिक सुविधाओं को मिलेगा नया बल: पुष्कर सिंह धामी 


देहरादून 17 जून।  मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धमी ने कुंभ मेला-2027 की तैयारियों के साथ ही राज्य के विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों में अवस्थापना सुविधाओं के विकास, सड़क निर्माण, धार्मिक स्थलों के सौंदर्यीकरण, शहरी विकास तथा जनसुविधाओं से जुड़ी विभिन्न योजनाओं के लिए कुल ₹105 करोड़ की वित्तीय स्वीकृति प्रदान की है। मुख्यमंत्री के इस निर्णय से राज्य के अनेक जनपदों में विकास कार्यों को गति मिलने के साथ ही नागरिक सुविधाओं में भी उल्लेखनीय सुधार होगा।
मुख्यमंत्री ने अल्मोड़ा जनपद की नगर पंचायत भिकियासैंण स्थित हरूहीत मंदिर, कढोली के सौंदर्यीकरण एवं जीर्णोद्धार के लिए ₹93.36 लाख की स्वीकृति प्रदान करते हुए प्रथम किश्त के रूप में ₹56 लाख जारी करने का अनुमोदन दिया है। वहीं पौड़ी जनपद के विकासखंड द्वारीखाल अंतर्गत कठुड़ बड़ा, देवीखाल स्थित मां बाल कुँवारी माता मंदिर के सौंदर्यीकरण हेतु ₹72.67 लाख स्वीकृत किए गए हैं, जिनमें प्रथम किश्त के रूप में ₹43.60 लाख जारी किए जाएंगे।
सामाजिक समावेशन और सुविधाओं के विस्तार के तहत मुख्यमंत्री ने देहरादून, काशीपुर और हरिद्वार के श्रम न्यायालयों में ट्रांसजेंडर, दिव्यांगजन एवं महिलाओं के लिए पृथक शौचालय तथा अतिरिक्त कक्षों के निर्माण हेतु ₹1.41 करोड़ की धनराशि स्वीकृत की है। इसके अतिरिक्त पर्यटन विभाग के माध्यम से अल्मोड़ा जनपद की रानीखेत विधानसभा क्षेत्र में चालू वित्तीय वर्ष के लिए ₹1.50 करोड़ की स्वीकृति भी प्रदान की गई है।
शहरी क्षेत्रों में आधारभूत सुविधाओं को मजबूत करने के उद्देश्य से मुख्यमंत्री ने नगर निगम कोटद्वार में एलईडी स्ट्रीट लाइटों की स्थापना के लिए ₹4.96 करोड़ की स्वीकृति दी है। वहीं नैनीताल जनपद के रामनगर स्थित दीवानी न्यायालय में न्यायिक कर्मचारियों के लिए टाइप-3 आवासीय भवन निर्माण हेतु ₹18.59 लाख स्वीकृत किए गए हैं।
कुंभ मेला-2027 की तैयारियों को गति देते हुए मुख्यमंत्री ने मायापुर क्षेत्र में फायर स्टेशन के लिए 50 बिस्तरों वाले बैरक निर्माण संबंधी परियोजना को मंजूरी प्रदान की है। इस परियोजना के लिए भारत सरकार द्वारा ₹4.17 करोड़ की धनराशि स्वीकृत की गई है।
मुख्यमंत्री ने रिंग फेंस्ड अकाउंट के अंतर्गत शहरी विकास विभाग की विभिन्न परियोजनाओं को भी स्वीकृति प्रदान की है। इसके तहत हल्द्वानी-काठगोदाम, रुद्रपुर, हरिद्वार और रुड़की में पशु शवदाह गृहों के निर्माण, शिवालिक नगर, चंबा, कर्णप्रयाग, बागेश्वर, सुल्तानपुर-आदमपुर तथा द्वाराहाट में लीगेसी वेस्ट निस्तारण और नैनीताल, पुरोला, महुआखेड़ागंज, गूलरभोज एवं बनबसा में कूड़ा वाहन एवं उपकरणों की खरीद के लिए कुल ₹48.58 करोड़ स्वीकृत किए गए हैं।
सड़क एवं परिवहन अवसंरचना को मजबूत करने के लिए मुख्यमंत्री ने देहरादून जनपद की रायपुर विधानसभा में आपदा से क्षतिग्रस्त मुख्य एवं आंतरिक मार्गों के नालियों सहित पुनर्निर्माण हेतु ₹7.76 करोड़ की मंजूरी दी है। इसके अलावा ऊधमसिंह नगर के रुद्रपुर शहर में गाबा चौक से डी.डी. चौक तक सड़क चौड़ीकरण के लिए ₹13.73 करोड़ तथा रुद्रप्रयाग जनपद के जखोली विकासखंड अंतर्गत छेनागाड़-बक्सीर मोटर मार्ग के शेष भाग के डामरीकरण के लिए ₹4.02 करोड़ स्वीकृत किए गए हैं।
राज्य योजना के अंतर्गत भी कई महत्वपूर्ण सड़क परियोजनाओं को स्वीकृति मिली है। नैनीताल जनपद की लालकुआं विधानसभा के हल्द्वानी विकासखंड में विजयपुर-पहाड़पानी पैदल मार्ग के सुधार के लिए ₹3.87 करोड़, चम्पावत विधानसभा क्षेत्र में मौनपोखरी से हरेश्वर मंदिर तक सड़क के सुधार एवं डामरीकरण हेतु ₹9.87 करोड़ तथा रामनगर विधानसभा क्षेत्र में रामनगर-कालाढूंगी-हल्द्वानी-काठगोदाम-चोरगलिया-सितारगंज-बिजटी राज्य मार्ग से हनुमानधाम मंदिर मोटर मार्ग के सुदृढ़ीकरण के लिए ₹4.06 करोड़ की स्वीकृति प्रदान की गई है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार का लक्ष्य प्रदेश में संतुलित एवं समग्र विकास सुनिश्चित करना है। कुंभ मेला-2027 की तैयारियों के साथ-साथ धार्मिक पर्यटन, सड़क संपर्क, शहरी सुविधाओं, स्वच्छता प्रबंधन तथा न्यायिक एवं प्रशासनिक ढांचे को मजबूत करने के लिए सरकार लगातार कार्य कर रही है। इन स्वीकृतियों से संबंधित क्षेत्रों में विकास कार्यों को नई गति मिलेगी तथा स्थानीय लोगों को प्रत्यक्ष लाभ प्राप्त होगा।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *