देहरादून 08 सितंबर। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों में विकास कार्यों को गति देने के लिए 86 करोड़ रुपये की वित्तीय स्वीकृति प्रदान की है। स्वीकृत धनराशि से सड़क निर्माण, मंदिरों के सौंदर्यीकरण, घंटाघर निर्माण सहित विश्वविद्यालय के वेतन-भत्तों के लिए बजट उपलब्ध कराया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने पिथौरागढ़ विधानसभा क्षेत्र के न्याय पंचायत बीसाबजेड से ग्राम विपुल तक संपर्क सीसी रैलिंग मार्ग के निर्माण के लिए 49.64 लाख रुपये की स्वीकृति दी है। वहीं रानीखेत विधानसभा क्षेत्र के ताड़ीखेत विकासखंड में ग्राम दुभणा स्थित प्राचीन चमूथान मंदिर, रानीखेत झूला देवी मंदिर, शिव मंदिर, बिल्लेख स्थित देवी मंदिर, चमड़खान के ग्येल देवता मंदिर और खुशालकोट शिव मंदिर के सौंदर्यीकरण के लिए 3.34 करोड़ रुपये मंजूर किए गए हैं।
डोईवाला विधानसभा क्षेत्र के अठूरवाला टिहरी विस्थापित क्षेत्र में घंटाघर निर्माण के लिए 97 लाख रुपये की धनराशि स्वीकृत की गई है। इसके साथ ही गोविंद बल्लभ पंत कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय, पंतनगर में वेतन-भत्ते आदि के लिए स्वीकृत 150 करोड़ रुपये के सापेक्ष द्वितीय किस्त के रूप में 80 करोड़ रुपये जारी करने को भी मंजूरी दी गई है।
इसी क्रम में चमोली जिले के थराली विधानसभा क्षेत्र में विभिन्न धार्मिक स्थलों के विकास और सौंदर्यीकरण के लिए भी धनराशि स्वीकृत की गई है। विकासखंड नंदानगर की ग्राम पंचायत सुतोल में ध्योसिंह धाम मंदिर के सौंदर्यीकरण के लिए 19.56 लाख रुपये, ग्राम पंचायत रामणी में गोरिया राजा मंदिर के लिए 9.93 लाख रुपये, ग्राम पंचायत चोपता चौरी स्थित मां गिरिजा भवानी मंदिर के पास नवनिर्मित धर्मशाला के अवशेष कार्य के लिए 33.72 लाख रुपये, विकासखंड नारायणबगड़ की ग्राम पंचायत मींग में मींगेश्वर मंदिर के सौंदर्यीकरण के लिए 20.24 लाख रुपये तथा ग्राम पंचायत कौब के महादेव मंदिर के सौंदर्यीकरण के लिए 39.62 लाख रुपये स्वीकृत किए गए हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में विकास कार्यों को प्राथमिकता के साथ आगे बढ़ाया जा रहा है और विभिन्न क्षेत्रों की आवश्यकताओं के अनुरूप अवस्थापना विकास एवं जनसुविधाओं से जुड़े कार्यों के लिए आवश्यक धनराशि उपलब्ध कराई जा रही है।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने विकास कार्यों के लिए 86 करोड़ की वित्तीय स्वीकृति को दी मंजूरी













Leave a Reply