Advertisement

युवा शक्ति को राष्ट्र निर्माण से जोड़ना हमारा संकल्प : नरेश,  शताब्दी वर्ष के तहत होने वाले युवा सम्मेलन की तैयारियों पर संघ कार्यकर्ताओं ने बनाई रणनीति


ऋषिकेश, 11 सितंबर। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के शताब्दी वर्ष के अंतर्गत आयोजित होने वाले युवा सम्मेलन की तैयारियों को लेकर ऋषिकेश में संघ कार्यकर्ताओं की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में सम्मेलन के प्रचार-प्रसार, युवाओं से संपर्क, कार्यक्रम की व्यवस्थाओं तथा विभिन्न दायित्वों को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक को संबोधित करते हुए जिला प्रचारक नरेश ने कहा कि राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ अपने शताब्दी वर्ष में समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचने का प्रयास कर रहा है। उन्होंने कहा कि भारत का युवा वर्ग देश की सबसे बड़ी शक्ति है और युवाओं में ऊर्जा, प्रतिभा, नेतृत्व क्षमता तथा सामर्थ्य का अपार भंडार मौजूद है। आवश्यकता इस बात की है कि इस युवा शक्ति को राष्ट्र निर्माण, समाज सेवा, स्वावलंबन और भारतीय संस्कृति के संरक्षण की दिशा में प्रेरित किया जाए।
उन्होंने कहा कि युवा केवल व्यक्तिगत उन्नति तक सीमित न रहें, बल्कि समाज और राष्ट्र के प्रति अपने दायित्वों को भी समझें। युवाओं में अनुशासन, चरित्र निर्माण, नेतृत्व क्षमता और सामाजिक संवेदनशीलता का विकास करना संघ के कार्य का प्रमुख उद्देश्य है।
जिला प्रचारक नरेश ने कहा कि प्रस्तावित युवा सम्मेलन युवाओं को एक मंच पर जोड़ने और उनमें राष्ट्रभाव जागृत करने का महत्वपूर्ण अवसर है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अपने-अपने क्षेत्रों में अधिक से अधिक युवाओं से संपर्क कर उन्हें सम्मेलन से जोड़ने का आह्वान किया।
बैठक में कहा गया कि सम्मेलन की सफलता केवल प्रतिभागियों की संख्या से नहीं, बल्कि युवाओं में सेवा भाव, सकारात्मक सोच और राष्ट्र के प्रति जिम्मेदारी की भावना विकसित होने से सुनिश्चित होगी। इस दौरान कार्यक्रम स्थल की व्यवस्थाओं, प्रचार अभियान, विभिन्न दायित्वों और आगामी कार्ययोजना की समीक्षा की गई। कार्यकर्ताओं ने सम्मेलन को सफल बनाने के लिए पूर्ण सक्रियता और समर्पण के साथ कार्य करने का संकल्प लिया।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *