लालपानी कूड़ा निस्तारण प्लांट पर तालाबंदी कर कूड़ा वाहनों का प्रवेश रोकने और सरकारी कार्य में बाधा डालने का आरोप, आठ के खिलाफ नामजद मुूुक़दमा 


ऋषिकेश, 6 अक्टूबर। गुमानीवाला स्थित लालपानी कूड़ा निस्तारण प्लांट के मुख्य द्वार पर तालाबंदी कर नगर निगम के कूड़ा वाहनों का प्रवेश रोकने के मामले में कोतवाली ऋषिकेश पुलिस ने आठ लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। 
ऋषिकेश कोतवाली पुलिस के अनुसार, प्लांट में कूड़ा निस्तारण कार्य बाधित होने से नगर की सफाई व्यवस्था प्रभावित होने की स्थिति उत्पन्न हो गई थी। तीन अक्टूबर को बीट संख्या-01, गुमानीवाला स्थित लालपानी कूड़ा निस्तारण प्लांट में स्थानीय निवासियों द्वारा कूड़ा लाए जाने का विरोध किया गया। इस दौरान प्लांट के मुख्य द्वार पर तालाबंदी कर नगर निगम के कूड़ा वाहनों को अंदर जाने से रोक दिया गया। मौके पर मौजूद सफाई निरीक्षकों और अन्य कर्मचारियों ने स्थानीय लोगों को कूड़ा वाहनों को प्लांट में प्रवेश देने के लिए समझाने का प्रयास किया, लेकिन वाहन प्लांट में प्रवेश नहीं कर सके।
उक्त मामले में नगर निगम ऋषिकेश के सहायक नगर आयुक्त चंद्रकांत भट्ट ने कोतवाली ऋषिकेश में तहरीर दी। तहरीर के आधार पर पुलिस ने  लालमणि रतूड़ी समेत अन्य के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।
पुलिस ने बताया कि मुकदमे में लालमणि रतूड़ी, पुरुषोत्तम बडोनी, लाल सिंह बोरा, राजेंद्र गुनसोला, विनोद प्रसाद सेमवाल, रंजीत, रमदान तथा अन्य व्यक्तियों को नामजद किया गया है। मामले की विवेचना  कर उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *