ऋषिकेश, 8 अप्रैल।चारधाम यात्रा के प्रमुख पड़ाव बद्रीनाथ धाम के कपाट खुलने से पूर्व निभाई जाने वाली प्राचीन धार्मिक परंपरा गाड़ू घड़ा तेल कलश यात्रा के तहत बुधवार को पवित्र गाड़ू घड़ा ऋषिकेश स्थित सुभाष बनखंडी श्री रामलीला ग्राउंड में श्रद्धालुओं के दर्शनार्थ रखा गया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु, महिलाएं, साधु-संत और नगर के गणमान्य लोग पवित्र गाड़ू घड़ा के दर्शन के लिए उमड़ पड़े। श्रद्धालुओं ने विधिवत पूजा-अर्चना कर भगवान बद्रीनाथ से सुख-समृद्धि और कल्याण की कामना की।
कार्यक्रम में ज्योतिषपीठ के शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती विशेष रूप से उपस्थित रहे। उन्होंने श्रद्धालुओं को संबोधित करते हुए कहा कि गाड़ू घड़ा तेल कलश यात्रा बद्रीनाथ धाम की अत्यंत प्राचीन और महत्वपूर्ण धार्मिक परंपरा है, जिसका सनातन धर्म में विशेष महत्व है। उन्होंने बताया कि इस पवित्र घड़े में रखा गया तिल का तेल भगवान बद्रीनाथ के अभिषेक और पूजा-अर्चना के लिए पूरे वर्ष उपयोग किया जाता है। यह परंपरा सदियों से चली आ रही है और आस्था, विश्वास तथा सनातन संस्कृति की निरंतरता का प्रतीक है।
शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद ने कहा कि उत्तराखंड की यह परंपरा केवल धार्मिक अनुष्ठान ही नहीं, बल्कि सनातन संस्कृति और आध्यात्मिक परंपरा की जीवंत धरोहर है। उन्होंने बद्रीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति द्वारा मंदिर परिसरों में गैर सनातनी के प्रवेश पर रोक लगाने के निर्णय को सनातन धर्म की परंपराओं और मर्यादाओं के प्रति सम्मान का प्रतीक बताया।
इस अवसर पर उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत भी कार्यक्रम में पहुंचे। उन्होंने पवित्र गाड़ू घड़ा के दर्शन कर प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि की कामना की। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड की धार्मिक परंपराएं और आस्था की विरासत पूरे देश के लिए प्रेरणा का स्रोत हैं और इन्हें सहेजना हम सभी का कर्तव्य है।
कार्यक्रम में बद्रीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति के अध्यक्ष हेमंत त्रिवेदी भी मौजूद रहे। उन्होंने गाड़ू घड़ा तेल कलश यात्रा की महत्ता बताते हुए कहा कि यह परंपरा बद्रीनाथ धाम के कपाट खुलने की तैयारियों का एक महत्वपूर्ण हिस्सा है और इसे सदियों से विधि-विधान के साथ निभाया जाता रहा है।
पूरे कार्यक्रम के दौरान भक्ति, श्रद्धा और आध्यात्मिकता का वातावरण बना रहा। श्रद्धालु उत्साहपूर्वक पवित्र गाड़ू घड़ा के दर्शन करने के लिए पहुंचते रहे और बद्रीनाथ धाम की आगामी यात्रा को लेकर लोगों में विशेष उत्साह देखने को मिला।
इस दौरान नगर के स्थानीय विधायक प्रेमचंद अग्रवाल, जनप्रतिनिधि, पार्षद, विभिन्न सामाजिक, धार्मिक और राजनीतिक संगठनों के प्रतिनिधि भी बड़ी संख्या में कार्यक्रम में उपस्थित रहे। महिलाओं और श्रद्धालुओं ने पूरे श्रद्धा भाव से गाड़ू घड़ा के दर्शन कर भगवान बद्रीनाथ के प्रति अपनी आस्था प्रकट की।












Leave a Reply