गंगा में डूबे युवक का शव 5 दिन बाद हुआ बरामद, 


ऋषिकेश, 11 अप्रैल। शिवपुरी क्षेत्र स्थित युसूफ बीच पर गंगा नदी में स्नान के दौरान डूबे एक युवक का शव पाँच दिन बाद राज्य आपदा प्रतिवादन बल (SDRF) की टीम ने बरामद कर लिया। लगातार चलाए गए सघन सर्च एवं रेस्क्यू अभियान के बाद टीम को यह सफलता मिली।
प्राप्त जानकारी के अनुसार 06 अप्रैल 2026 को एक युवक के युसूफ बीच पर स्नान करते समय गंगा नदी में डूबने की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही SDRF की टीम तत्काल मौके पर पहुँची और खोजबीन शुरू कर दी गई।
SDRF टीम ने घटना के दिन से ही गंगा नदी के विभिन्न संभावित स्थानों पर लगातार अभियान चलाया। इस दौरान स्कूबा डाइविंग, राफ्टिंग और आधुनिक उपकरणों की मदद से गहन सर्च ऑपरेशन किया गया, लेकिन प्रारंभिक दिनों में युवक का कोई सुराग नहीं लग सका।
लगातार प्रयासों के बाद 11 अप्रैल 2026 को SDRF टीम ने फूल चट्टी क्षेत्र के समीप नदी से युवक का शव बरामद कर लिया। मौके पर मौजूद परिजनों ने शव की पहचान विजय रवि (28 वर्ष) पुत्र रवि, निवासी 2/16 बजनई कोविल स्ट्रीट, थिरुमुदिवक्कम, जनपद कांचीपुरम, तमिलनाडु के रूप में की।
घटना के बाद जिला पुलिस ने आवश्यक पंचनामा की कार्रवाई पूरी कर शव को पोस्टमार्टम के लिए एम्स ऋषिकेश भेज दिया है।
इस दुखद घटना के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है। प्रशासन ने पर्यटकों और स्थानीय लोगों से अपील की है कि गंगा नदी में स्नान करते समय विशेष सावधानी बरतें और निर्धारित सुरक्षित स्थानों पर ही प्रवेश करें।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *