ऋषिकेश, 19 मई। ऋषिकेश पुलिस ने प्रगतिपुरम कॉलोनी में हुई चोरी की वारदात का सफल खुलासा करते हुए दो शातिर चोरों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी की गई सोने-चांदी की ज्वैलरी तथा वारदात में प्रयुक्त लाल रंग की अपाचे आरआर-310 मोटरसाइकिल बरामद की है।
ऋषिकेश कोतवाली प्रभारी कैलाश चंद्र भट्ट ने बताया कि गत 17 मई को प्रगतिपुरम कॉलोनी, लक्कड़घाट रोड निवासी राजेश चन्द्र रमोला ने कोतवाली ऋषिकेश में तहरीर देकर बताया था कि अज्ञात चोरों ने उनके बंद मकान का ताला तोड़कर नकदी, आभूषण और सीसीटीवी कैमरा चोरी कर लिया। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून के निर्देश पर गठित विशेष टीम ने क्षेत्र में संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की जांच तेज की तथा सीसीटीवी फुटेज खंगालने के साथ मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया। इसी दौरान 18 मई को सूचना मिली कि चोरी की घटना में शामिल दो युवक लाल रंग की अपाचे बाइक पर चोरी का सामान बेचने की फिराक में लक्कड़घाट क्षेत्र में घूम रहे हैं।
सूचना पर पुलिस ने तत्काल घेराबंदी कर लक्कड़घाट हनुमान मंदिर के पास दोनों संदिग्धों को दबोच लिया। पुलिस को देखकर आरोपियों ने भागने का प्रयास किया, लेकिन टीम ने तत्परता दिखाते हुए उन्हें गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में दोनों ने प्रगतिपुरम क्षेत्र के बंद मकान में चोरी की वारदात को अंजाम देना स्वीकार कर लिया। बरामदगी के आधार पर मुकदमे में अतिरिक्त धाराएं भी बढ़ाई गई हैं।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान प्रवीण सिंह (23 वर्ष) निवासी सराय रोड, मैदा मिल के पास, सीतापुर ज्वालापुर, हरिद्वार तथा संजय कुमार उर्फ संजू (25 वर्ष) निवासी पेट्रोल पंप के पास, वाल्मीकि बस्ती, ज्वालापुर, हरिद्वार के रूप में हुई है।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक सोने का हार, एक चैन, मांग टीका, दो जोड़ी झुमके, एक जोड़ी टॉप्स, तीन जोड़ी पायजेब और दो जोड़ी बिछुए बरामद किए हैं। इसके अलावा एक लाल रंग की अपाचे आरआर-310 मोटरसाइकिल भी जब्त की गई है।













Leave a Reply