Advertisement

गंगा घाट पर चोरी का खुलासा, तीन अंतरराज्यीय चोर गिरफ्तार


ऋषिकेश, 25 मई। लक्ष्मणझूला पुलिस ने गीता भवन क्षेत्र में गंगा स्नान के दौरान हुई चोरी की घटना का मात्र 48 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए तीन शातिर अंतरराज्यीय चोरों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी गई 60 हजार रुपये की नकदी और दो कीमती टाइटन घड़ियां बरामद कर ली हैं।
जानकारी के अनुसार 23 मई को फरीदाबाद निवासी नरेंद्र पुनिया गीता भवन गेट नंबर-3 के सामने गंगा घाट पर स्नान कर रहे थे। इसी दौरान अज्ञात चोर उनकी स्विफ्ट डिजायर कार से आरसी बैग चोरी कर ले गए। बैग में करीब 60 से 65 हजार रुपये नकद, दो महंगी टाइटन घड़ियां, आधार कार्ड, एसबीआई बैंक के डेबिट व क्रेडिट कार्ड, गृह मंत्रालय और दिल्ली पुलिस के पहचान पत्र सहित अन्य महत्वपूर्ण दस्तावेज रखे हुए थे।
पीड़ित की शिकायत पर प्रभारी निरीक्षक सूर्यभूषण नेगी ने तत्काल संज्ञान लेते हुए कोतवाली लक्ष्मणझूला में धारा 303(2) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज कराया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक पौड़ी गढ़वाल सर्वेश पंवार के निर्देश पर चोरी के खुलासे के लिए विशेष पुलिस टीम गठित की गई।
पुलिस टीम ने सीसीटीवी फुटेज की जांच, मुखबिर तंत्र की सहायता, पतारसी-सुरागरसी और संदिग्ध व्यक्तियों की निगरानी के आधार पर आरोपियों की पहचान की। लगातार अभियान चलाते हुए पुलिस ने 25 मई को शाम 6:15 बजे बागखाला से आगे चौरासी कुटिया मार्ग पर तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में उन्होंने चोरी की वारदात को अंजाम देना स्वीकार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों में महाराष्ट्र के पुणे निवासी अश्विन बाबूराव कछवाय (47 वर्ष), नागपुर निवासी विशाल रणवीर चौहान (33 वर्ष) तथा गुजरात के अहमदाबाद निवासी चेतन बाबूराव कछवाय (37 वर्ष) शामिल हैं। पुलिस ने उनके कब्जे से चोरी गई पूरी नकदी और दोनों कीमती घड़ियां बरामद कर ली हैं, जिससे चोरी के माल की शत-प्रतिशत बरामदगी सुनिश्चित हुई।
पुलिस ने तीनों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर जेल भेजने की कार्रवाई शुरू कर दी है। घटना के त्वरित खुलासे और चोरी गए सामान की पूर्ण बरामदगी पर स्थानीय लोगों ने लक्ष्मणझूला पुलिस की कार्यप्रणाली की सराहना की है।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *