देहरादून, 25 जून। राष्ट्रीय प्रतिरक्षण दिवस-2026 के सफल आयोजन और शत-प्रतिशत लक्ष्य प्राप्ति को लेकर जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए हैं कि जनपद में 0 से 5 वर्ष तक का कोई भी बच्चा पोलियो की जीवनरक्षक खुराक से वंचित नहीं रहना चाहिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि अभियान में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और दोषी पाए जाने पर संबंधित अधिकारी एवं कार्मिक के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
गुरुवार को ऋषिपर्णा सभागार, कलेक्ट्रेट में आयोजित जिला स्तरीय टास्क फोर्स समिति की बैठक में जिलाधिकारी ने राष्ट्रीय प्रतिरक्षण दिवस की तैयारियों की समीक्षा की। बैठक में बताया गया कि 28 जून को जिले में कुल 1505 बूथों के माध्यम से बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाई जाएगी। इनमें 1399 स्थिर बूथ, 82 ट्रांजिट बूथ और 24 मोबाइल बूथ शामिल हैं।
अधिकारियों ने जानकारी दी कि 29 जून से 4 जुलाई तक स्वास्थ्य विभाग की 1498 टीमें घर-घर जाकर बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाएंगी। अभियान की निगरानी के लिए 444 पर्यवेक्षकों की तैनाती की गई है।
जिलाधिकारी ने स्वास्थ्य विभाग को सभी बूथों, ट्रांजिट और मोबाइल टीमों की व्यवस्थाएं समय पर पूरी करने के निर्देश दिए। उन्होंने दवाओं, वैक्सीन कैरियर, प्रचार सामग्री और आवश्यक मानव संसाधन की उपलब्धता सुनिश्चित करने के साथ ही संवेदनशील, दुर्गम और प्रवासी आबादी वाले क्षेत्रों पर विशेष ध्यान देने को कहा।
बैठक में शिक्षा विभाग को विद्यालयों के माध्यम से व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाने, महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास विभाग को आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के जरिए घर-घर संपर्क स्थापित करने तथा पंचायती राज विभाग को ग्रामीण क्षेत्रों में जनप्रतिनिधियों के सहयोग से जागरूकता बढ़ाने के निर्देश दिए गए। वहीं पुलिस विभाग को ट्रांजिट बूथों पर सुरक्षा और भीड़ प्रबंधन की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया।
डॉ. आशीष चौहान ने कहा कि पोलियो मुक्त भारत के संकल्प को साकार करने के लिए सभी विभागों को आपसी समन्वय और टीम भावना के साथ कार्य करना होगा ताकि कोई भी पात्र बच्चा अभियान से छूटने न पाए।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी अभिनव शाह, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. मनोज शर्मा, मुख्य शिक्षा अधिकारी विनोद ढौंडियाल, जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. दिनेश चौहान, जिला कार्यक्रम अधिकारी जितेंद्र कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
28 जून को राष्ट्रीय प्रतिरक्षण दिवस, जिले के 1505 बूथों पर बच्चों को पिलाई जाएगी पोलियो की खुराक कोई भी बच्चा पोलियो ड्रॉप से वंचित मिला तो होगी जिम्मेदारी तय: डीएम डॉ. आशीष चौहान













Leave a Reply