ऋषिकेश, 27 जून। कोतवाली ऋषिकेश पुलिस ने वाहन चोरी की एक घटना का सफल अनावरण करते हुए चोरी की गई स्कूटी बरामद कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी चोरी की स्कूटी को बेचने की फिराक में था, लेकिन पुलिस की सतर्कता के चलते वह गिरफ्त में आ गया।
जानकारी के अनुसार, मीरानगर निवासी धीरेन्द्र ममंगई ने 25 जून को कोतवाली ऋषिकेश में शिकायत दर्ज कराई थी कि उनकी स्कूटी संख्या UK-14B-8505 को 18 जून को घर के बाहर से अज्ञात व्यक्ति द्वारा चोरी कर लिया गया। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून के निर्देश पर गठित पुलिस टीम ने घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली तथा संदिग्धों के संबंध में जानकारी जुटाई। इसी दौरान 26 जून को गश्त के दौरान लेबर कॉलोनी तिराहे के निकट वन विभाग के पिलर संख्या 0386-0387 के पास एक संदिग्ध युवक स्कूटी पर बैठा दिखाई दिया। पुलिस को देखकर वह घबराकर वाहन स्टार्ट करने लगा, जिस पर पुलिस ने उसे घेरकर पकड़ लिया।
पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम आयुष छेत्री (22 वर्ष) पुत्र लक्ष्मण छेत्री निवासी आईडीपीएल गेस्ट हाउस के पास, ऋषिकेश बताया। वाहन के कागजात न दिखा पाने और सख्ती से पूछताछ करने पर उसने स्वीकार किया कि उसने यह स्कूटी मीरानगर की एक गली से चोरी की थी और उसे बेचने जा रहा था।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी की गई सफेद रंग की एक्टिवा स्कूटी बरामद कर ली। मामले में चोरी के साथ-साथ चोरी की संपत्ति बरामद होने पर संबंधित धाराओं में बढ़ोतरी की गई है। आरोपी को नियमानुसार गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया जा रहा है।
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार आरोपी के विरुद्ध पूर्व में भी चोरी एवं अन्य आपराधिक मामलों के कई मुकदमे दर्ज हैं।
ऋषिकेश में वाहन चोरी का खुलासा, चोरी की स्कूटी सहित आरोपी गिरफ्तार













Leave a Reply