Advertisement

पीसीएस-2024 में चयनित 182 अभ्यर्थियों सहित 187 युवाओं को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने किये नियुक्ति पत्र


देहरादून 03 जुलाई । मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय स्थित मुख्य सेवक सदन में आयोजित कार्यक्रम में उत्तराखण्ड लोक सेवा आयोग द्वारा आयोजित पीसीएस मुख्य परीक्षा-2024 में चयनित 182 अभ्यर्थियों तथा कृषि एवं कृषक कल्याण विभाग में वैयक्तिक सहायक पद पर चयनित 5 अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र प्रदान किए।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने नवचयनित अभ्यर्थियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि नियुक्ति पत्र केवल सरकारी सेवा में प्रवेश का दस्तावेज नहीं, बल्कि सवा करोड़ उत्तराखण्डवासियों के विश्वास, अपेक्षाओं और जनसेवा के संकल्प का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक अधिकारी की पहचान उसके पद से नहीं, बल्कि उसकी कार्यशैली, संवेदनशीलता और जनसेवा के प्रति समर्पण से होगी।

मुख्यमंत्री ने बताया कि उत्तराखण्ड पीसीएस मुख्य परीक्षा-2024 के लिए लगभग डेढ़ लाख अभ्यर्थियों ने आवेदन किया था, जबकि 71 हजार से अधिक अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल हुए। इनमें से केवल 182 अभ्यर्थियों का चयन हुआ है। उन्होंने चयनित अभ्यर्थियों की सफलता को उनकी प्रतिभा, कठिन परिश्रम, अनुशासन और दृढ़ संकल्प का परिणाम बताया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार ने भर्ती प्रक्रियाओं में पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए देश का सबसे कठोर नकल विरोधी कानून लागू किया है। इसके सकारात्मक परिणाम सामने आए हैं और युवाओं का भर्ती परीक्षाओं पर विश्वास मजबूत हुआ है। उन्होंने बताया कि बीते साढ़े चार वर्षों में 34 हजार से अधिक युवाओं को पूर्ण पारदर्शिता और निष्पक्षता के साथ सरकारी सेवाओं में नियुक्ति दी गई है। आज 187 और युवाओं के इस अभियान से जुड़ने के साथ सरकार की युवा हितैषी प्रतिबद्धता और मजबूत हुई है।

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार का उद्देश्य प्रदेश के प्रत्येक युवा को उसकी प्रतिभा और योग्यता के अनुरूप अवसर उपलब्ध कराना है, ताकि रोजगार की तलाश में युवाओं को राज्य से बाहर न जाना पड़े। राज्य सरकार “पहाड़ का पानी और पहाड़ की जवानी” को उत्तराखण्ड के विकास की सबसे बड़ी शक्ति बनाने के लिए लगातार कार्य कर रही है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा बाबा केदार की पावन भूमि से दिए गए “21वीं सदी का तीसरा दशक उत्तराखण्ड का दशक” के संकल्प को साकार करने में नवचयनित अधिकारियों की महत्वपूर्ण भूमिका होगी। उन्होंने कहा कि सरकार नीतियां बनाती है, लेकिन उन्हें प्रभावी रूप से धरातल पर उतारने की जिम्मेदारी अधिकारियों और कर्मचारियों की होती है। उन्होंने सभी नवचयनित अधिकारियों से विकसित उत्तराखण्ड के निर्माण के लिए पूरी निष्ठा, ईमानदारी और समर्पण के साथ कार्य करने का आह्वान किया।

कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री  गणेश जोशी, डॉ. धन सिंह रावत,  रामसिंह कैड़ा, विधायक  सविता कपूर, गोरखा कल्याण परिषद की अध्यक्ष  ज्योति कोटिया, प्रमुख सचिव  आर.के. सुधांशु सहित अनेक वरिष्ठ अधिकारी एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *