Advertisement

मतदाता सूची सत्यापन की अंतिम तिथि 7 जुलाई, देहरादून में 1.90 लाख मतदाताओं ने नहीं जमा किए गणना प्रपत्र


देहरादून, 4 जुलाई। मतदाता सूची को शुद्ध एवं अद्यतन बनाने के लिए चल रहे विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान के तहत गणना प्रपत्र जमा करने की अंतिम तिथि 7 जुलाई निर्धारित की गई है। जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने ऐसे सभी पात्र मतदाताओं से तत्काल गणना प्रपत्र जमा करने की अपील की है, जिन्होंने अभी तक यह प्रक्रिया पूरी नहीं की है।

डीएम ने बताया कि जिले में पंजीकृत 13.76 लाख मतदाताओं में से 11.86 लाख से अधिक मतदाता अपने गणना प्रपत्र जमा कर चुके हैं। इनमें से 99.98 प्रतिशत प्रपत्रों का डिजिटाइजेशन भी पूरा किया जा चुका है। इसके बावजूद जिले में अभी 1,90,588 मतदाता ऐसे हैं, जिन्होंने अपना गणना प्रपत्र जमा नहीं कराया है।

उन्होंने कहा कि निर्धारित समय सीमा के भीतर गणना प्रपत्र जमा करना प्रत्येक पात्र मतदाता के लिए आवश्यक है। जो नागरिक दिन के समय घर पर उपलब्ध नहीं रहते, वे ईसीआईनेट एप अथवा ‘बुक ए कॉल विद बीएलओ’ सुविधा का उपयोग कर अपने बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) से संपर्क कर सकते हैं और प्रपत्र जमा कर सकते हैं।

जिलाधिकारी के अनुसार उत्तराखंड के मतदाता वर्ष 2003 की मतदाता सूची में अपना अथवा अपने माता-पिता या दादा-दादी का नाम मुख्य निर्वाचन अधिकारी की वेबसाइट पर खोज सकते हैं। अन्य राज्यों के मतदाता निर्वाचन आयोग के पोर्टल पर अंतिम एसआईआर मतदाता सूची में अपना नाम देख सकते हैं। निर्वाचन आयोग द्वारा जारी क्यूआर कोड के माध्यम से भी आवश्यक जानकारी प्राप्त की जा सकती है।

डॉ. चौहान ने कहा कि गणना प्रपत्र भरने और जमा करने की अंतिम तिथि में अब केवल तीन दिन शेष हैं। उन्होंने सभी पात्र नागरिकों से समय रहते प्रपत्र जमा कर अपना नाम मतदाता सूची में सुरक्षित रखने और लोकतांत्रिक अधिकार का उपयोग सुनिश्चित करने की अपील की।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *