Advertisement

आईडीपीएल में युवक ने फांसी लगाकर दी जान, पुलिस जांच में जुटी


ऋषिकेश, 23 जुलाई। आईडीपीएल क्षेत्र स्थित काली की ढाल में एक 28 वर्षीय युवक द्वारा फांसी लगाकर आत्महत्या किए जाने का मामला सामने आया है। सूचना मिलने पर कोतवाली ऋषिकेश पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, गुरुवार तड़के करीब 01:23 बजे डायल-112 के माध्यम से सूचना मिली कि आईडीपीएल क्षेत्र की गली नंबर-12, काली की ढाल में एक युवक ने फांसी लगा ली है। सूचना पर पुलिस तत्काल घटनास्थल पर पहुंची। इस बीच पड़ोसियों ने युवक को उपचार के लिए एम्स ऋषिकेश पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मृतक की पहचान विशाल त्यागी (28 वर्ष) पुत्र अनिल कुमार, निवासी गली नंबर-12, काली की ढाल, आईडीपीएल, ऋषिकेश के रूप में हुई है।
पुलिस ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया तथा फील्ड यूनिट को बुलाकर आवश्यक साक्ष्य जुटाए। मौके से फांसी में प्रयुक्त रस्सा, पट्टा तथा मृतक का मोबाइल फोन कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी गई है।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि मृतक पहले जिम संचालित करता था, जिसे आर्थिक नुकसान के चलते बंद करना पड़ा था। हालांकि आत्महत्या के वास्तविक कारणों का अभी पता नहीं चल सका है। पुलिस पंचायतनामा सहित अन्य आवश्यक वैधानिक कार्रवाई कर मामले की जांच में जुटी हुई है।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *