ऋषिकेश 27 जुलाई। आगामी कांवड़ मेला-2026 को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से पुलिस ने सुरक्षा तैयारियां तेज कर दी हैं। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्वेता चौबे के निर्देशन में थाना मुनि की रेती क्षेत्र में फ्लैग मार्च निकाला गया, जबकि कांवड़ ड्यूटी में तैनात रिक्रूट आरक्षियों की जीरो परेड आयोजित कर उन्हें भीड़ प्रबंधन, यातायात व्यवस्था, सुरक्षा और अनुशासन से जुड़े आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
क्षेत्राधिकारी नरेंद्रनगर सुरेन्द्र सिंह भंडारी के नेतृत्व में निकाला गया फ्लैग मार्च शीशम झाड़ी, कैलाश गेट, मधुबन तिराहा, तपोवन और लक्ष्मण झूला रोड सहित प्रमुख मार्गों से होकर गुजरा। फ्लैग मार्च का उद्देश्य आमजन और कांवड़ यात्रियों में सुरक्षा का विश्वास बढ़ाना तथा मेले के दौरान पुलिस की मजबूत तैयारियों का संदेश देना रहा।
पुलिस अधिकारियों ने स्थानीय नागरिकों, व्यापारियों और श्रद्धालुओं से कांवड़ मेले को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने में सहयोग की अपील करते हुए यातायात नियमों का पालन करने, सार्वजनिक मार्गों पर अतिक्रमण न करने तथा किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि की सूचना तत्काल डायल-112 या निकटतम पुलिस अधिकारी को देने का आग्रह किया।
जीरो परेड के दौरान रिक्रूट आरक्षियों को श्रद्धालुओं के प्रति विनम्र एवं संवेदनशील व्यवहार, भीड़ नियंत्रण, आपदा या आपात स्थिति में त्वरित कार्रवाई, वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशों का पालन तथा ड्यूटी के दौरान सतर्कता बनाए रखने के संबंध में विस्तृत ब्रीफिंग दी गई।
फ्लैग मार्च में प्रभारी निरीक्षक मुनि की रेती प्रदीप चौहान, वरिष्ठ उपनिरीक्षक योगेश चंद्र पांडेय, विभिन्न चौकी प्रभारियों, थाना मुनि की रेती के पुलिस कर्मियों तथा आईटीबीपी के अधिकारियों और जवानों ने भाग लिया।
टिहरी पुलिस ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे पुलिस-प्रशासन के दिशा-निर्देशों का पालन करें, अफवाहों से बचें, सोशल मीडिया पर अपुष्ट जानकारी साझा न करें तथा कांवड़ यात्रा को सुरक्षित, व्यवस्थित और श्रद्धापूर्ण बनाने में सहयोग दें।
Post Views: 13













Leave a Reply