Advertisement

एम्स ऋषिकेश में लाखों की चोरी का खुलासा, आंध्र प्रदेश का अंतरराज्यीय चोर गिरफ्तार, 50 लाख के सोने-चांदी के आभूषण, फर्जी आधार कार्ड और चोरी के उपकरण बरामद, राजकोट अस्पताल में हुई चोरी का भी खुलासा


ऋषिकेश 01 अगस्त । पुलिस ने एम्स ऋषिकेश के आवासीय परिसर में हुई लाखों रुपये की चोरी का सफल खुलासा करते हुए आंध्र प्रदेश के एक शातिर अंतरराज्यीय चोर को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से करीब 50 लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के आभूषण, तीन फर्जी आधार कार्ड तथा चोरी में प्रयुक्त पेचकस और अन्य सामान बरामद किया गया है। पुलिस जांच में आरोपी द्वारा ऋषिकेश के अलावा गुजरात के राजकोट स्थित सिविल अस्पताल परिसर में भी चोरी की वारदात को अंजाम देना सामने आया है।

आरोपी की पहचान मंडलपु शिवा अंजनेयुलू (43) पुत्र मंडलपु कोटेश्वर राव, निवासी एडलापाडु, जिला गुंटूर (आंध्र प्रदेश) के रूप में हुई है। आरोपी पूर्व में विजयवाड़ा और गुंटूर में चोरी के मामलों में जेल भी जा चुका है।
पुलिस के अनुसार 20 जुलाई 2026 को एम्स ऋषिकेश आवासीय परिसर निवासी रविन्द्र तिवारी ने शिकायत दर्ज कराई थी कि अज्ञात चोर उनके फ्लैट का ताला तोड़कर सोने-चांदी के आभूषण और 60 हजार रुपये नकद चोरी कर ले गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए कोतवाली ऋषिकेश पुलिस ने विशेष टीम गठित कर घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली, मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया और लगातार सुरागरसी की।
लगातार प्रयासों के बाद पुलिस ने 31 जुलाई की रात काली माता मंदिर, सात मोड़, देहरादून रोड ऋषिकेश के पास से आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। उसके बैग से भारी मात्रा में आभूषण, तीन आधार कार्ड और चोरी के उपकरण बरामद किए गए।

पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह गंगा स्नान के बहाने हरिद्वार और ऋषिकेश आया था। एम्स परिसर में बीमारी का बहाना बनाकर घूमते हुए उसने बंद मकानों की रेकी की और पेचकस से ताला तोड़कर चोरी की वारदात को अंजाम दिया। इसके बाद 27 जुलाई को उसने गुजरात के राजकोट स्थित सिविल अस्पताल परिसर में भी इसी तरीके से चोरी की। गुजरात पुलिस से सत्यापन में वहां दर्ज चोरी का मुकदमा भी सही पाया गया।

पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि गिरफ्तारी से बचने के लिए आरोपी ने अलग-अलग नाम और पते के तीन आधार कार्ड बनवा रखे थे। इनका उपयोग वह होटलों और धर्मशालाओं में ठहरने के दौरान अपनी पहचान छिपाने के लिए करता था। पुलिस अब अन्य राज्यों से भी उसके आपराधिक रिकॉर्ड की जानकारी जुटा रही है।

पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एम्स ऋषिकेश और राजकोट अस्पताल से चोरी किए गए सोने-चांदी के आभूषण बरामद किए हैं। इनमें गढ़वाली नथ, हार, मंगलसूत्र, मांगटीका, अंगूठियां, कंगन, चेन, पायल, बिछुए, ब्रैसलेट सहित बड़ी मात्रा में अन्य आभूषण शामिल हैं। बरामद आभूषणों की अनुमानित कीमत करीब 50 लाख रुपये आंकी गई है।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में कार्रवाई करते हुए न्यायालय में पेश किया है। साथ ही अन्य राज्यों में उसके आपराधिक इतिहास और संभावित वारदातों की भी जांच की जा रही है।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *