ऋषिकेश। कांवड़ मेले के अंतिम पड़ाव में श्रद्धालुओं की बढ़ती भीड़ के मद्देनजर शनिवार को एसएसपी देहरादून ने खुद मैदान में उतरकर ऋषिकेश, रायवाला और रानीपोखरी क्षेत्र का भ्रमण किया। उन्होंने कांवड़ मेले के लिए की गई पुलिस व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए अधिकारियों को सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को त्रुटिरहित बनाए रखने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान एसएसपी ने कांवड़ यात्रा पर पहुंचे श्रद्धालुओं का फूल-माला पहनाकर स्वागत किया। उन्होंने कांवड़ियों से बातचीत कर उनकी यात्रा के संबंध में जानकारी ली। इसके बाद श्रद्धालुओं को फल, मिष्ठान और पेय पदार्थ वितरित किए तथा उनकी सुरक्षित एवं सुगम यात्रा के लिए शुभकामनाएं दीं।
एसएसपी ने कांवड़ ड्यूटी में तैनात पुलिसकर्मियों से भी संवाद कर उनका उत्साहवर्धन किया। उन्होंने पुलिसकर्मियों को ड्यूटी के साथ अपने स्वास्थ्य का भी ध्यान रखने तथा पूरी निष्ठा और कर्तव्यपरायणता के साथ जिम्मेदारी निभाने के निर्देश दिए।
निर्धारित मार्ग और पार्किंग पर विशेष जोर
कांवड़ मेले के अंतिम चरण में श्रद्धालुओं की भीड़ बढ़ने की संभावना को देखते हुए एसएसपी ने अधिकारियों को आसपास के जनपदों के पुलिस अधिकारियों से बेहतर समन्वय बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कांवड़ यात्रा को निर्धारित मार्गों से ही संचालित किया जाए और श्रद्धालुओं के वाहनों को निर्धारित पार्किंग स्थलों पर ही खड़ा कराया जाए।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि मुख्य मार्गों पर अनावश्यक वाहनों का दबाव न बढ़ने पाए और यातायात व्यवस्था सुचारू बनी रहे। साथ ही भीड़ प्रबंधन, सुरक्षा और यातायात व्यवस्था में किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरतने के निर्देश दिए गए।
निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक अपराध/यातायात, पुलिस अधीक्षक ग्रामीण, क्षेत्राधिकारी ऋषिकेश सहित अन्य पुलिस अधिकारी मौजूद रहे।
कांवड़ मेले के अंतिम पड़ाव पर एसएसपी ने संभाली कमान, ऋषिकेश-रायवाला में सुरक्षा व्यवस्था का लिया जायजा श्रद्धालुओं का फूल-माला पहनाकर किया स्वागत, फल-मिष्ठान व पेय पदार्थ बांटकर दी सुरक्षित यात्रा की शुभकामनाएं













Leave a Reply