देहरादून। गांधी पार्क में रविवार को आयोजित ‘हर घर तिरंगा’ यात्राकार्यक्रम में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रदेशवासियों से स्वतंत्रता दिवस पर अपने-अपने घरों में तिरंगा फहराने और राष्ट्रभक्ति की भावना को सदैव प्रज्वलित रखने का आह्वान किया। गांधी पार्क से घंटाघर तक निकली तिरंगा यात्रा में मुख्यमंत्री के साथ हजारों लोगों ने भाग लिया। इस दौरान देशभक्ति के नारों से पूरा शहर गूंज उठा।
तिरंगा यात्रा से पूर्व मुख्यमंत्री ने घंटाघर स्थित उत्तराखंड आंदोलन के महानायक स्व. इंद्रमणि बडोनी और भारत रत्न डॉ. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। मुख्यमंत्री ने कहा कि तिरंगा यात्रा राष्ट्र गौरव का उत्सव है। तिरंगा करोड़ों भारतीयों के स्वाभिमान का प्रतीक है। स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों और वीर जवानों ने तिरंगे की आन-बान-शान की रक्षा के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर किया। उन्होंने कहा कि देश की एकता, अखंडता और संप्रभुता की रक्षा के लिए हर नागरिक को सदैव प्रतिबद्ध रहना चाहिए।
भारत आत्मनिर्भरता की ओर तेजी से बढ़ रहा : धामी
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत महाशक्ति के रूप में आगे बढ़ रहा है। देश की अर्थव्यवस्था तेज गति से बढ़ रही है और ‘मेक इन इंडिया’, डिजिटल क्रांति तथा स्वदेशी तकनीक के माध्यम से भारत आत्मनिर्भरता की ओर अग्रसर है। उन्होंने कहा कि आज भारत दुनिया के अनेक क्षेत्रों में नई दिशा दिखा रहा है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में भारतीय सेना का मनोबल मजबूत हुआ है। सर्जिकल स्ट्राइक और ऑपरेशन सिंदूर के माध्यम से भारत ने दुनिया को अपनी सामरिक ताकत का परिचय दिया है। भारत अब रक्षा क्षेत्र में निर्यातक देश बनने की दिशा में आगे बढ़ रहा है।
‘देवभूमि के साथ वीरभूमि भी है उत्तराखंड’
धामी ने कहा कि उत्तराखंड देवभूमि के साथ वीरभूमि भी है। प्रदेश की मिट्टी ने देश को अनगिनत वीर सैनिक दिए हैं। हर दूसरे परिवार का बेटा देश की सीमाओं की रक्षा के लिए तैनात रहता है। राज्य सरकार वीर जवानों, पूर्व सैनिकों और शहीद परिवारों के कल्याण के लिए लगातार कार्य कर रही है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड विकसित भारत-2047 के संकल्प के साथ आगे बढ़ रहा है। शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, बिजली, पेयजल और हवाई कनेक्टिविटी जैसी मूलभूत सुविधाओं को मजबूत किया जा रहा है। राज्य में 30 से अधिक क्षेत्रों में विशिष्ट नीतियों के माध्यम से विकास का रोडमैप तैयार किया गया है।
GSDP में 7.23 फीसदी वृद्धि, प्रतिव्यक्ति आय 41 फीसदी बढ़ी
मुख्यमंत्री ने दावा किया कि केंद्र और राज्य सरकार के प्रयासों से उत्तराखंड विकास की नई ऊंचाइयों को छू रहा है। पिछले एक वर्ष में राज्य की जीएसडीपी में 7.23 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज हुई है, जबकि प्रतिव्यक्ति आय में 41 प्रतिशत की ऐतिहासिक वृद्धि हुई है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में 20 हजार से अधिक नए उद्योग स्थापित हुए हैं और स्टार्टअप की संख्या 1750 से अधिक हो गई है। राज्य में रिवर्स पलायन में भी 44 प्रतिशत तक की बढ़ोतरी हुई है। सतत विकास लक्ष्यों को पूरा करने में उत्तराखंड को देश में प्रथम स्थान मिलने का भी उन्होंने उल्लेख किया।
34 हजार से अधिक युवाओं को मिली सरकारी नौकरी
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में सख्त नकल विरोधी कानून लागू होने के बाद पिछले करीब पांच वर्षों में बिना धांधली के 34 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरियां मिली हैं। युवाओं को केवल ‘नौकरी पाने वाला’ नहीं, बल्कि ‘नौकरी देने वाला’ बनाने के उद्देश्य से मुख्यमंत्री स्वरोजगार योजना, होम-स्टे और पर्यटन नीति समेत विभिन्न योजनाओं के माध्यम से स्वरोजगार और उद्यमिता को बढ़ावा दिया जा रहा है।
भूमि कब्जों और भ्रष्टाचार पर कार्रवाई का दावा
धामी ने कहा कि राज्य में करीब 13 हजार एकड़ से अधिक सरकारी भूमि को कब्जे से मुक्त कराया गया है। भ्रष्टाचार के खिलाफ भी सख्त कार्रवाई की गई है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में कड़ा धर्मांतरण विरोधी कानून और कठोर दंगा रोधी कानून लागू किया गया है। उत्तराखंड देश का पहला राज्य है जहां समान नागरिक संहिता लागू की गई है।
उन्होंने कहा कि प्रदेश में मदरसा बोर्ड समाप्त कर उत्तराखंड राज्य अल्पसंख्यक शिक्षा प्राधिकरण बनाया गया है। बच्चों के भविष्य के साथ खिलवाड़ करने वाले 250 से अधिक अवैध मदरसों के खिलाफ कार्रवाई कर उन्हें बंद किया गया है।
ये रहे मौजूद
कार्यक्रम में राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट, नरेश बंसल, कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी, सौरभ बहुगुणा, खजान दास, विधायक उमेश शर्मा काऊ, विनोद चमोली, सविता कपूर, मेयर सौरभ थपलियाल, महानगर अध्यक्ष सिद्धार्थ अग्रवाल, महामंत्री कुंदन परिहार, दीप्ति रावत सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता और आम लोग मौजूद रहे।













Leave a Reply