ऋषिकेश, 12 अगस्त। अमर शहीद प्रदीप सिंह रावत की आठवीं पुण्यतिथि पर भरत मंदिर स्थित परशुराम हॉल में श्रद्धांजलि एवं सम्मान समारोह आयोजित किया गया। अमर शहीद प्रदीप रावत स्मृति मंच की ओर से आयोजित कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, पूर्व सैनिकों, शिक्षकों, छात्र-छात्राओं एवं क्षेत्रवासियों ने शहीद को श्रद्धासुमन अर्पित कर उनके बलिदान को नमन किया।
कार्यक्रम में ऋषिकेश विधायक एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री डॉ. प्रेमचंद अग्रवाल ने शहीद प्रदीप रावत के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें श्रद्धापूर्वक नमन किया। उन्होंने कहा कि देश की रक्षा के लिए अपने प्राणों का सर्वोच्च बलिदान देने वाले वीर शहीद सदैव राष्ट्र की युवा पीढ़ी के लिए प्रेरणास्रोत रहेंगे। उनका त्याग और बलिदान कभी भुलाया नहीं जा सकता। उन्होंने कहा कि देशभक्ति केवल भावना नहीं, बल्कि राष्ट्र के प्रति अपने कर्तव्यों के निर्वहन की प्रेरणा भी है।
समारोह में अंतरविद्यालय देशभक्ति गायन प्रतियोगिता आयोजित की गई। विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने देशभक्ति गीतों की शानदार प्रस्तुतियां देकर वातावरण को राष्ट्रभक्ति से ओत-प्रोत कर दिया। प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को डॉ. प्रेमचंद अग्रवाल ने स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया।
शहीद प्रदीप रावत के बच्चों ने भी देशभक्ति गीतों पर मनमोहक नृत्य प्रस्तुत किया। भावपूर्ण प्रस्तुति से कार्यक्रम में मौजूद लोग भावविभोर हो गए। डॉ. अग्रवाल ने बच्चों को फूलमाला पहनाकर उनका उत्साहवर्धन किया।
कार्यक्रम के दौरान नगर निगम ऋषिकेश के महापौर शंभू पासवान ने महत्वपूर्ण घोषणा करते हुए कहा कि अपर गंगानगर का नाम अमर शहीद प्रदीप रावत के नाम पर किए जाने की कार्यवाही की जाएगी। साथ ही शहीद की स्मृति को चिरस्थायी बनाने के लिए स्मृति द्वार का नामकरण भी उनके नाम पर किए जाने की घोषणा की गई। महापौर की घोषणा का उपस्थित लोगों ने स्वागत किया।
डॉ. प्रेमचंद अग्रवाल ने कहा कि शहीद के नाम पर क्षेत्र का नामकरण उनके बलिदान को सदैव जीवंत रखने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। इससे आने वाली पीढ़ियों को शहीद प्रदीप रावत के साहस, शौर्य और राष्ट्रभक्ति से प्रेरणा मिलेगी।
कार्यक्रम में शहीद प्रदीप रावत के पिता कुंवर सिंह रावत, पत्नी नीलम रावत, कर्नल बलबीर सिंह कपसुड़ी, यमुना प्रसाद त्रिपाठी, वीरेंद्र रमोला, गजेंद्र राणा, संजय ध्यानी, वीर सिंह रावत, रंजन अंथवाल, बृजमोहन मनोरी, मनोज थापा, गुणानंद भट्ट, डॉ. सुनील थपलियाल, बृजपाल राणा सहित अनेक गणमान्य नागरिक, पूर्व सैनिक, शिक्षक, छात्र-छात्राएं एवं क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के अंत में उपस्थित लोगों ने अमर शहीद प्रदीप रावत के बलिदान को नमन करते हुए उनके आदर्शों पर चलने तथा राष्ट्रहित के प्रति सदैव समर्पित रहने का संकल्प लिया।













Leave a Reply