Advertisement

खेलभूमि बनेगा उत्तराखंड, क्रीड़ा विश्वविद्यालय से खिलाड़ियों को मिलेंगे नए अवसर : पुष्कर सिंह धामी ₹43.50 करोड़ के निर्माण कार्यों का शिलान्यास, प्रथम शैक्षणिक सत्र का शुभारंभ


खेलभूमि बनेगा उत्तराखंड, क्रीड़ा विश्वविद्यालय से खिलाड़ियों को मिलेंगे नए अवसर : पुष्कर सिंह धामी
₹43.50 करोड़ के निर्माण कार्यों का शिलान्यास, प्रथम शैक्षणिक सत्र का शुभारंभ

हल्द्वानी, 29 अगस्त। राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर उत्तराखंड के खेल क्षेत्र को बड़ी सौगात मिली। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मेजर ध्यानचंद की जयंती पर अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम, गौलापार में उत्तराखंड राज्य क्रीड़ा विश्वविद्यालय तथा मानसखंड खेल परिसर के प्रथम चरण के ₹43.50 करोड़ के निर्माण कार्यों का शिलान्यास किया। इसके साथ ही क्रीड़ा विश्वविद्यालय के प्रथम शैक्षणिक सत्र का शुभारंभ भी किया गया।
मुख्यमंत्री ने राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले पदक विजेता खिलाड़ियों और उनके प्रशिक्षकों को सम्मानित किया। इस दौरान देवभूमि उत्तराखंड खेल रत्न, द्रोणाचार्य, लाइफ टाइम अचीवमेंट और हिमालय रत्न पुरस्कार प्रदान किए गए। मुख्यमंत्री उदीयमान खिलाड़ी उन्नयन योजना के लाभार्थियों को डीबीटी के माध्यम से खेल छात्रवृत्ति भी वितरित की गई।
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि मेजर ध्यानचंद की जयंती पर हल्द्वानी से उत्तराखंड के खेल इतिहास में नया अध्याय जुड़ रहा है। क्रीड़ा विश्वविद्यालय के निर्माण और प्रथम शैक्षणिक सत्र के शुभारंभ से प्रदेश के युवा खिलाड़ियों के सपनों को नई उड़ान मिलेगी। सरकार का लक्ष्य उत्तराखंड को खेलों के क्षेत्र में देश के अग्रणी राज्यों में शामिल कर ‘खेलभूमि’ के रूप में स्थापित करना है।
उन्होंने कहा कि अब तक खेल शिक्षा और विशिष्ट प्रशिक्षण के लिए प्रदेश के खिलाड़ियों को दूसरे राज्यों का रुख करना पड़ता था, लेकिन क्रीड़ा विश्वविद्यालय के माध्यम से उन्हें देवभूमि में ही उच्च स्तरीय खेल शिक्षा, आधुनिक प्रशिक्षण और बेहतर अवसर उपलब्ध होंगे। आने वाले वर्षों में यह विश्वविद्यालय राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ियों की नई पीढ़ी तैयार करने का प्रमुख केंद्र बनेगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने के लिए कई योजनाएं संचालित कर रही है। मुख्यमंत्री उदीयमान खिलाड़ी उन्नयन योजना के तहत 8 से 14 वर्ष आयु वर्ग के खिलाड़ियों को मासिक छात्रवृत्ति दी जा रही है। वहीं मुख्यमंत्री खिलाड़ी प्रोत्साहन योजना के तहत 14 से 23 वर्ष के खिलाड़ियों को छात्रवृत्ति के साथ खेल उपकरण खरीदने के लिए आर्थिक सहायता दी जा रही है। खिलाड़ियों के लिए खेल इंजरी और आकस्मिक परिस्थितियों में बीमा व आर्थिक सहायता की व्यवस्था भी की गई है।
उन्होंने बताया कि राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पदक जीतने वाले खिलाड़ियों को आउट ऑफ टर्न सरकारी सेवायोजन की व्यवस्था की गई है। इसके तहत अब तक 29 खिलाड़ियों को सरकारी सेवा में नियुक्ति दी जा चुकी है। 38वें राष्ट्रीय खेलों के पदक विजेताओं को विभिन्न विभागों में सेवायोजित करने की प्रक्रिया भी तेजी से चल रही है।
धामी ने कहा कि प्रदेश में खेलों का मजबूत आधारभूत ढांचा विकसित किया जा रहा है। लोहाघाट में राज्य का पहला बालिका स्पोर्ट्स कॉलेज संचालित हो रहा है। उत्तराखंड खेल नीति-2026 का ड्राफ्ट तैयार हो चुका है, जिसे कैबिनेट की मंजूरी के बाद लागू किया जाएगा। ‘एक जनपद-एक खेल’ योजना के माध्यम से प्रत्येक जिले की खेल पहचान विकसित करने के साथ ही विभिन्न खेल विधाओं के लिए 23 नई हाईटेक खेल अकादमियां स्थापित करने की दिशा में काम चल रहा है।
उन्होंने कहा कि वर्ष 2027 में आयोजित होने वाले राष्ट्रीय खेलों में अधिक से अधिक पदक जीतने तथा ओलंपिक-2036 में उत्तराखंड के खिलाड़ियों की मजबूत उपस्थिति सुनिश्चित करने के लिए अभी से रोडमैप तैयार किया जा रहा है। खिलाड़ियों के प्रदर्शन और फिटनेस के नियमित मूल्यांकन के लिए ‘मौली एआई एप्लीकेशन’ विकसित किया गया है।
इन खिलाड़ियों को मिला खेल सम्मान
वर्ष 2024 के लिए एथलेटिक्स की अंकिता को देवभूमि उत्तराखंड खेल रत्न तथा एथलेटिक्स के लोकेश चौधरी को द्रोणाचार्य पुरस्कार दिया गया। वर्ष 2025 के लिए शूटिंग के अभिनव देशवाल को खेल रत्न, क्याकिंग एंड कैनोइंग के मुकेश शर्मा को द्रोणाचार्य तथा बॉक्सिंग के मुकेश चंद्र बेलवाल को लाइफ टाइम अचीवमेंट पुरस्कार प्रदान किया गया। दिव्यांग श्रेणी में शूटिंग के शौर्य सैनी को हिमालय रत्न पुरस्कार मिला।
मॉडर्न पेंटाथलॉन की टीम श्रेणी में सक्षम प्रताप सिंह व ममता खाती तथा बॉक्सिंग की एकल श्रेणी में खुशी चंद को हिमालय खेल रत्न पुरस्कार से सम्मानित किया गया। पुरस्कार विजेताओं को नकद धनराशि के साथ प्रशस्ति पत्र, ब्लेजर और शॉल प्रदान किए गए।
कार्यक्रम में खेल मंत्री रेखा आर्या, सांसद अजय भट्ट, विधायक डॉ. मोहन सिंह बिष्ट सहित अन्य जनप्रतिनिधि, अधिकारी, खिलाड़ी और खेल प्रेमी मौजूद रहे।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *